बाइक की डिक्की से उड़ाए पौने दो लाख रुपये
ई-सेवा केंद्र का कैशियर बैंक में जमा कराने जा रहा था रकम
अमर उजाला ब्यूरो
फैजाबाद। पुष्पराज चौराहे पर पावर कॉर्पोरेशन के दफ्तर के पास गुरुवार शाम टप्पेबाजों ने एक बाइक की डिक्की से 1.73 रुपए उड़ा लिए। मौके पर पहुंची पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पावर कॉर्पोरेशन के ई-सेवा केंद्र में काम करने वाला कैशियर वेद निधि पांडेय बिजली बिल के रूप में जमा किया गया 1.73 लाख रुपए बैंक में जमा कराने जा रहा था। इस दौरान उसने ये पैसे अपनी गाड़ी की डिक्की में रखे थे, तभी अचानक कुछ याद आने पर वह वापस आफिस में चला गया। इस दौरान शोरशराबा होने पर जब वह बाहर आया तो पता चला कि एक टप्पेबाज उसकी बाइक से रुपए निकालकर पैदल ही भाग गया है। उसने पहले उचक्के को तलाशने का प्रयास किया, पता न चलने पर उसने अपने अधिकारियों व पुलिस को सूचना दी। मौके पर यूपी-100, चौकी सिविल लाइन समेत कोतवाली पुलिस पहुंची और वारदात की जानकारी ली। नगर कोतवाल प्रमोद पांडेय ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है।