भरथना। नगला अमर गांव के एक खेत में बने कुएं में शनिवार देर शाम एक युवक का शव मिला। इस घटना से पूरे इलाके में अफरा तफरी मच गई। सूचना मिलने पर दमकल टीम ने रेस्क्यू कर शव को कुएं से बाहर निकाला। पिता ने रंजिश के चलते हत्या कर शव कुएं में फेंकने का आरोप लगाया है।
शव की पहचान पड़ियापुरा निवासी हरिओम (35) के रूप में हुई। हरिओम के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। मृतक के जीजा रामप्रकाश ने बताया कि हरिओम अविवाहित था। वह कई दिनों से रिश्तेदार के घर में रह रहा था। पोस्टमार्टम हाउस में हरिओम के पिता अशोक कुमार ने बेटे की हत्या होने को आरोप लगाया। बताया कि हरिओम के चेहरे पर चोट के निशान थे। पिता के अनुसार, बेटे की पीटकर हत्या कर शव कुएं में फेंक दिया गया। प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह ने बताया कि परिजन ने युवक के मानसिक तनाव में रहने की जानकारी दी है।
पिता अशोक कुमार ने रंजिश में हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि उनके तीन बच्चों में दो बेटियां और एक बेटा हरिओम था। पुलिस के अनुसार, मानसिक तनाव किस बात का था, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। प्रभारी निरीक्षक ने यह भी बताया कि कुएं में गिरने की वजह से चोट के निशान आ सकते हैं। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजन की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।