प्रेम प्रसंग में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात सोमवार की रात भरथना थाना क्षेत्र के मौजा असफपुर के मजरा सुमेर सिंह में हुई। हत्या के बाद युवक का शव युवती के घर के पड़ोस में मृतक के चाचा की छत पर फेंक दिया गया।
बाद में युवती के परिजनों ने ही युवक के परिजनों को जानकारी दी कि युवक ने आत्महत्या कर ली है। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने युवती सहित उसके दो भाइयों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। गांव नगला सुमेर सिंह निवासी प्रदीप यादव (24) पुत्र सहदेव सिंह यादव का गांव की ही एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था।
प्रदीप दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता था। कुछ दिन पहले ही घर आया था। सोमवार की रात करीब आठ बजे युवती ने फोन करके प्रदीप को अपने घर बुलाया। प्रदीप उसके घर पहुंचा तो उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को मृतक के चाचा की छत पर फेंक दिया गया।
बाद में युवती के परिजनों ने ही मृतक के परिजनों को जानकारी दी कि प्रदीप ने खुद को गोली मार ली, जिससे उसकी मौत हो गई है और उसका शव उसके पड़ोस में रहने वाले चाचा के घर की छत पर पड़ा है। मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे तो प्रदीप का शव छत पर पड़ा मिला।
परिजनों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर आई थाना पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को घटना बताई। प्रभारी एसएसपी/एएसपी सर्वानंद सिंह यादव, सीओ भरथना राघवेंद्र सिंह राठौर मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से सबूत जुटाए।
मृतक के भाई संजय यादव ने युवती खुशबू सहित उसके भाई रामवीर, राजू पुत्रगण तोफान सिंह के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसका आरोप है कि उसके भाई प्रदीप को खुशबू ने फोन करके अपने घर बुलाया था। तभी खुशबू के भाइयों ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी।
बाद में इन्हीं लोगों ने सूचना दी। सीओ भरथना राघवेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि खुशबू, रामवीर तथा राजू के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। परिजनों ने बताया कि मृतक के पिता झांसी में पीएसी में सिपाही के रूप में तैनात हैं।