उदी (इटावा)। जवारे विसर्जित करने गया मड्डयां कामेत गांव का किशोर शुक्रवार को नहाते समय यमुना नदी में डूब गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
मड्डयां गांव निवासी शिवा (11) पुत्र धर्म सिंह शुक्रवार दोपहर गांव के अन्य बच्चों के साथ यमुना नदी में जवारे विसर्जित करने गया था। नदी में नहाते समय गहराई में जाने से वह डूब गया। अन्य बच्चों ने नदी में तलाशा लेकिन पता नहीं चला। बच्चों ने घर जाकर परिजनों और ग्रामीणों को सूचना दी। नदी पर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने शिवा की तलाश की। कुछ देर बाद उसका शव नदी किनारे उतराता मिला। शव देखकर बड़ा भाई बेहोश हो गया। बढ़पुरा पुलिस ने शव नदी से निकाल कर पोस्टमार्टम कराया है।