ताखा। ऊसराहार थाना क्षेत्र में सोमवार शाम उदयपुर कला के सामने दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार दादा-पौत्री घायल हो गए।
मैनपुरी जिले के किशनी थाना क्षेत्र के कुसमरा स्थित पालीवाल मोहल्ला निवासी राहुल सोमवार शाम करीब सात बजे अपनी पौत्री सौम्या (4) को लेकर ऊसराहार से घर लौट रहे थे। ग्राम उदयपुर कला के सामने उनकी बाइक की किशनी की तरफ से आ रहे बाइक सवार अर्जुन सिंह निवासी पड़ीना सलेमपुर, मैनपुरी की बाइक से आमने-सामने टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। अर्जुन सिंह को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल राहुल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किशनी भेजा गया।
हादसे में राहुल की पौत्री सौम्या के सिर में मामूली चोट आई। उसकी हालत सुरक्षित होने पर परिजनों को सौंप दिया गया।प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि मृतक की पहचान होने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।