बकेवर। उन्नाव कोतवाली क्षेत्र में हाईवे पर हुए सड़क हादसे में नगला बनी निवासी बृजमोहन उर्फ विनय (32) की मौत हो गई। मंगलवार देर रात आगे चल रहे डंपर के अचानक ब्रेक लगाने से किन्नू लदी पिकअप पीछे से उसमें घुस गई थी।
हादसे में पिकअप सवार अन्य लोग भी घायल हो गए। बुधवार देर शाम पोस्टमार्टम के बाद युवक का शव गांव पहुंचा तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी नीतू, बेटे दिव्यांशु और मां विमला देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। नगला बनी निवासी बृजमोहन अपने भांजे अभिषेक यादव के साथ पिकअप में किन्नू लादकर लखनऊ जा रहे थे।
मंगलवार देर रात उन्नाव क्षेत्र में हाईवे पर यह हादसा हो गया। दुर्घटना में बृजमोहन की मौत हो गई, जबकि पिकअप सवार अन्य लोग घायल हो गए। बृजमोहन शटरिंग का काम करते थे। उनके परिवार में पत्नी और एक बेटा है। अंतिम संस्कार के दौरान ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही।(संवाद)