बसरेहर, इटावा। बसरेहर थाना क्षेत्र के अंतर्गत फर्रूखाबाद रोड पर लुहिया नहर पुल के पास शनिवार की रात को बाइक खड़ी कर पेशाब कर रहे युवकों को वाहन ने रौंद दिया। इस हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। एक युवक की हालत गंभीर होने पर उसे रिम्स रेफर किया गया। जहां रास्ते में उसकी मौत हो गई।
उधर, महेवा के पास एक कार ने बाइक में टककर मार दी। बाइक सवार घायल हो गया। उधर, जसवंतनगर में नहर पुल के पास बाइक की चपेट में आने से साइकिल सवार घायल हो गया। उधर, मैनपुरी फाटक के पास रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से एक महिला घायल हो गई। कोई भी बाइक सवार हेलमेट नहीं पहने था।घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
चौबिया थाना क्षेत्र के गांव बरालोकपुर के शानू (22) शनिवार को देर शाम गांव से ओम ग्राउंड परी चौक नोएडा निवासी मामा के पुत्र छोटू उर्फ विशाल वर्मा (22)के साथ बाइक से इटावा आया था। रात में लगभग 9:30 बजे जब वह दोनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे। लुहिया नहर पुल के पास उन्होने पेशाब करने के लिए बाइक रोक ली। दोनों में से कोई भी हुलमेट नहीं लगाए था।
बाइक से उतर कर छोटू जैसे ही चला तभी पीछे आ रहे किसी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से छोटू वाहन के नीचे आ गया जबकि शानू दूसरी ओर जा गिरा। वाहन छोटू को रौंदता हुआ निकल गया। इस हादसे में छोटू को गंभीर व शानू को हल्की चोटें आईं। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने 108 एंबुलेंस से उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया ।
डॉक्टरों ने छोटू की गंभीर हालत देखते हुए उसे सैफई रेफर कर दिया जहां रास्ते में छोटू ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर उनके परिजन भी पहुंच गए। पुलिस ने रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को दे दिया। उधर, बकेवर थाना क्षेत्र के महेवा के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक में टककर मार दी। जिससे बाइक पर सवार खुर्रमनगर इंदिरा नगर लखनऊ निवासी आलोक कुमार घायल हो गया।
उधर, जसवंतनगर थाना क्षेत्र के नहर पुल के पास बाइक की चपेट में आने से साइकिल सवार भतौरा निवासी राम पाल घायल हो गया। उधर, मैनपुरी फाटक के पास रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से मैनपुरी निवासी तारा घायल हो गईं। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।