इकदिल थाना क्षेत्र अंतर्गत भरथना रोड पर बाइक सवार दंपति को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कन्नौज जिले के इंदरगढ थाना क्षेत्र के गांव कलसान निवासी नीलू (25) पुत्र राजेश कुमार शंखवार रविवार शाम पत्नी विनीता को लेकर बाइक से ससुराल नावली थाना इकदिल आ रहा था। चितभवन के पास स्थित पंप पर उसने बाइक में पेट्रोल डलवाया। वह पंप से निकला ही था कि तेजी से आ रहे ट्रक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे दोनों सड़क पर जा गिरे। बाइक सवार युवक हेलमेट नहीं लगाए था। सिर में चोट आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई जबकि विनीता गंभीर रूप से घायल हो गई। पेट्रोल पंप कर्मियों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। एसओ इकदिल आलोक राय मौके पर पहुंचे और घायल विनीता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। चालक ट्रक लेकर भाग निकला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।