युवक की मौत के बाद हाईवे पर लगा जाम।
- फोटो : अमर उजाला
बिजौली के पास हाईवे पर साथियों के साथ वाहन के इंतजार में खड़े युवक को ट्रक ने टक्कर मार दी। जिससे युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। थाना प्रभारी के समझाने पर वह शांत हुए। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। चालक की तलाश जारी है।
बकेवर थाना क्षेत्र के ग्राम गुलालपुर निवासी राकेश कुमार (24) पुत्र स्व. अमर सिंह गांव के लोगों के साथ बुधवार सुबह 5.30 बजे मजदूरी करने के लिए निकला था। वह इटावा जाने के लिए हाईवे पर बिजौली पुल के आगे वाहन के इंतजार में खड़ा था। वह एक लोडर में बैठने जा रहा था तभी औरैया की ओर से आ रहे ट्रक ने राकेश को टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौत हो गई। घटना से गुस्साए राकेश के साथियों ने ग्रामीणों के साथ हाईवे पर जाम लगा दिया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर बकेवर दिनेश शर्मा मय फोर्स घटनास्थल पर पहुंचे। थानाध्यक्ष लवेदी सुशील योग, क्यूआरटी भी पहुंची। कार्रवाई के आश्वासन पर लोग शांत हो गए और जाम खोल दिया। इस दौरान आधा घंटे तक हाईवे पर आवागमन प्रभावित रहा। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।