इटावा। पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू करने के लिए बेसिक शिक्षकों और कर्मचारियों ने काला दिवस मनाते हुए प्रदर्शन किया। शिक्षक बांहों पर काली पट्टी बांधकर बीएसए कार्यालय पर एकत्र हुए। वहां से कचहरी तक वाहन जलूस निकाला। शिक्षकों ने इस दौरान नई पेंशन व्यवस्था के विरुद्ध नारेबाजी की। कचहरी पर धरना प्रदर्शन करते हुए डीएम को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
आल टीचर्स इम्पलाइज वेलफेयर एसोसिएशन के आह्वान पर बेसिक शिक्षकों व कर्मचारियों ने काला दिवस मनाते हुए प्रदर्शन किया। शिक्षक दोपहर 12 बजे बीएसए कार्यालय पर एकत्र हुए और यहां से बांहों में काली पट्टी बांधकर वाहनों से जलूस के रूप में कचहरी के लिए निक ले। इस दौरान शिक्षक हाथों में नवीन पेंशन योजना विरोधी तख्तियां और बैनर लिए थे। जलूस लेकर निकले शिक्षक कचहरी पहुंचे और यहां पर धरना प्रदर्शन कर नवीन पेंशन व्यवस्था को समाप्त कर पुरानी पेंशन व्यवस्था को लागू करने की मांग की।
संगठन के जिला संयोजक अवनीश शर्मा ने कहा कि पेंशन की लड़ी शिक्षक मिलकर लड़ेंगे। देश दीपक तिवारी ने कहा कि एबीआरसी कर्मी पूरी तरह से शिक्षकों के साथ हैं। शासकीय कर्मचारी परिसंघ के अध्यक्ष राजीवकांत धनगर ने भी पूरे समर्थन की बात कही। व्यायाम शिक्षक गौरव पाठक ने कहा कि अपने हक की लड़ाई के प्रति हमेशा एकजुट रहकर पुरानी पेंशन की मांग जीती जा सकती है। प्रदर्शन में एबीआरसी संघ, विशिष्ट बीटीसी शिक्षक संघ, टीचर्स क्लब भी शामिल रहा।
विरोध प्रदर्शन में अर्चना चौधरी अमित पांडेय, राजेश जादोन, अखिलेश, प्रवीन, खालिद, अजय त्रिपाठी, महेंद्र शर्मा, रवींद्र पालीवाल, मुनिराज, संतोष शर्मा, मुहम्मद रईस, अखिलेश, देवेश राना, मनोज धाकरे, अतहर हुसैन, संजीव पोरवाल, कौशल तिवारी, रश्मि पालीवाल, रश्मि चौधरी, मनोरमा, अनुराधा दोहरे, हरेंद्र, राम नरेश पाल, मोहित, सतेंद्र आदि शामिल रहे।