इसी मिक्सर मशीन का ज्वाइंट टूटने से हुआ हादसा
- फोटो : ETAWHA
लवेदी। क्षेत्र के सब्दलपुर-दाउदपुर मार्ग पर सीमेंट मिक्सर मशीन पलटने से रविवार तड़के एक मजदूर की मौत हो गई। जबकि हादसे में चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
बकेवर के भरईपुर गांव निवासी मजदूर गणेश दिवाकर (45) रविवार सुबह सहसों पंचायत घर का लिंटर डालकर साथियों के साथ घर लौट रहा था। सभी सीमेंट मिक्सर मशीन में बैठे थे। तभी सब्दलपुर-दाउदपुर मार्ग पर मिक्सर मशीन का ज्वाइंट अचानक ट्रैक्टर से अलग हो गया।
ज्वाइंट के पास बैठे गणेश के ऊपर मशीन का पहिया का चढ़ गया। मशीन के अनियंत्रित होकर पलटने से नीचे दबकर चंद्र किशोर, नाहर सिंह, प्रबल प्रताप व कुलदीप गंभीर रूप से घायल हो गए। ये सभी मशीन पर बैठे थे।
पुलिस घायलों को महेवा सीएचसी ले गई, जहां मजदूर गणेश की मौत हो गई। डॉक्टरों ने गंभीर रूप से घायल प्रबल प्रताप को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जानकारी पर मृतक की पत्नी मीना, बेटे विमल, विकास व बेटी उपासना रोते- बिलखते अस्पताल पहुंचे।
लवेदी थानाध्यक्ष सुरेश चंद्र ने बताया कि मिक्सर मशीन रामगोपाल की बताई जा रही है, जो लिंटर डालने का ठेका लेता है। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। तहरीर मिलने पर मामले में कार्रवाई की जाएगी।