महिपालपुर गांव में शनिवार सुबह भोगनीपुर नहर के किनारे उगी झाड़ियों में महिला का शव फंसा मिला।
शव की शिनाख्त नहीं हो पाई। शव के पास शराब की खाली बोतल, गिलास आदि चीजों के साथ एक बोतल में पेट्रोल जैसा पदार्थ भरा हुआ मिला है।
इससे महिला की हत्या कर शव फेंके जाने का अंदेशा है। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। नहर की पटरी से गुजरते लोगों ने किसी महिला के शव को झाड़ियों में उलझा हुआ देखा।
लोगों ने इसकी जानकारी लखना चौकी पुलिस को दी। सूचना पर बकेवर थाना प्रभारी रमेश सिंह और उप निरीक्षक दर्शन सिंह सोलंकी मौके पर पहुंचे। पानी से शव को बाहर निकलवाने के बाद उसकी शिनाख्त कराने की कोशिश की।
तकरीबन 45 साल की मृतक महिला के दाहिने हाथ में अंग्रेजी के कैपिटल अक्षरों में सुनील नाम गुदा हुआ मिला। बादामी पल्लू और लाल रंग की साड़ी के साथ मेहरून रंग का पेटीकोट पहने महिला शादीशुदा दिख रही थी।
कानों में झुमकी और नाक में कील के साथ मोतियों की माला, बिछिया व कंगन पहने हुए थे। शव के पानी में पड़े रहने से हाथ और पैरों की खाल सिकुड़ गई थी। जहां यह शव उलझ़ा हुआ था, उसके करीब में ही अंग्रेजी शराब की खाली हाफ बोतल, तीन डिस्पोजल गिलास, पानी की दो खाली बोतलें, सिगरेट की खाली डिब्बी और माचिस भी बरामद हुई है।
एक बोतल में पेट्रोल जैसे रंग का पदार्थ भरा भी मिला है। शव के पास इन चीजों के मिलने से हत्या करके शव को नहर में फेंके जाने के कयास लग रहे हैं।
माना जा रहा कि महिला को इस जगह लाकर शराब पीने के बाद उसकी हत्या कर दी गई, लेकिन उसके शव को जिस जगह फेंका, वहां झाड़ियों की वजह से वह उलझ कर ठहर गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह ने बताया कि शव की शिनाख्त और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। यह भी संभव है कि शव कहीं और से बहकर यहां तक पहुंचा हो। पुलिस छानबीन में जुटी है।
25 जून को बिजौली गांव के खेत में मिली महिला की अब तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। अब एक और अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ है। जब तक शवों की शिनाख्त नहीं होती, तब तक जांच की दिशा तय नहीं होगी।
यहीं वजह दिख रही कि बिजौली गांव में मिले शव की जांच अभी तक ठहरी हुई है। पुलिस यह मान रही कि अविवाहित दिखने वाली युवती को उसके किसी स्वजन ने ही ऑनर किलिंग की होगी।
क्योंकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके दो माह के गर्भवती होने का पता चला है। पुलिस शिनाख्त के लिए कई जिलों में शव का फोटो भेज चुकी है।
जिले के गांवों में मृतका की शिनाख्त करवाने के लिए चौकीदारों को भी जिम्मेदारी दी गई है, लेकिन अभी तक पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली है। ऐसे में एक और अज्ञात महिला के शव की बरामदगी से पुलिस पर दबाव बढ़ा है।