बांह अड्डा के साईं हॉस्पिटल में ऑपरेशन के बाद हुई महिला की मौत हॉस्पिटल मालिक और डॉक्टर की लापरवाही का परिणाम रही है।
सिटी मजिस्ट्रेट उमेश मिश्रा व उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अवधेश चंद्र की संयुक्त जांच आख्या में ये तथ्य उजागर हुए हैं।
जांच रिपोर्ट में हॉस्पिटल के पंजीकरण को निरस्त कर उसके संचालक/मालिक और डॉक्टर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की संस्तुति की गई है।
हालांकि कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बचन सिंह ने बताया कि अभी ऐसी कोई जांच आख्या उनके संज्ञान में नहीं आई है।
इकदिल थाना क्षेत्र के अड्डा निहाल गांव निवासी सुवेंद्र कुमार पुत्र बसंतलाल ने 21 मई को डीएम से शिकायत की थी कि ग्वालियर रोड पर फूलनदेवी डाढा बांह अड्डा स्थित साईं हॉस्पिटल (कालीमैम) में बरती गई लापरवाही से उसकी पत्नी प्रियंका यादव की 10 मई को मौत हो गई थी।
हॉस्पिटल में ऑपरेशन से पुत्री होने के बाद पत्नी की हालत बिगड़ गई थी। आनन फानन में रेफर की गई उसकी पत्नी की सैफई पहुंचते ही मौत हो गई थी। इस शिकायत पर डीएम ने सिटी मजिस्ट्रेट को जांच कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे।
सिटी मजिस्ट्रेट व डिप्टी सीएमओ ने साईं हॉस्पिटल को दोषी पाते हुए जांच आख्या में कहा कि हॉस्पिटल संचालक/मालिक ने ओपीडी रजिस्टर, प्रियंका का इलाज करने वाले डॉक्टर का नाम और उसे दी गई दवाइयों समेत सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध नहीं कराए।
जाहिर है कि तथ्य छुपाए जा रहे हैं। जांच में यह भी सामने आया कि गैर क्वालीफाइड चिकित्सक ने प्रियंका का इलाज किया था। हॉस्पिटल भले ही सीएमओ कार्यालय में पंजीकृत है। लेकिन जांच के दौरान तीन पंजीकृत डॉक्टरों में से सिर्फ एक मौके पर मिले।
शेष दोनों डॉक्टर और स्टाफ निर्देश के बाद भी सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय में उपस्थित नहीं हुए। इससे जाहिर हुआ कि ये दोनों डॉक्टर हॉस्पिटल में कार्य नहीं करते। यहीं नहीं ओपीडी व अन्य कार्यों से जुड़े अभिलेख भी हॉस्पिटल में नहीं मिले।
अधिकारियों ने जांच आख्या में प्रियंका केे इलाज में साईं हॉस्पिटल के स्तर से लापरवाही बरते जाने का साफ उल्लेख किया है। कहा गया कि शिकायतकर्ता को इलाज के संबंध में सही जानकारी नहीं दी गई। प्रियंका को देरी से सैफई रेफर किया गया। समय पर भेजते तो संभवत: उसकी जान बचाई जा सकती थी। इन खामियों और लापरवाही के चलते जांच रिपोर्ट में डीएम से साईं हॉस्पिटल के पंजीकरण को निरस्त करने और उसके मालिक समेत डॉक्टरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराए जाने की संस्तुति की गई है। साथ ही हॉस्पिटल को सील करने को कहा गया है।
इधर, डिप्टी सीएमओ डॉ. अवधेश चंद्र ने बताया कि साईं हॉस्पिटल में महिला के इलाज में गंभीर लापरवाही बरतने की बात जांच में सामने आई है। इसकी आख्या डीएम को दे दी गई है।