लोक निर्माण मंत्री व समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने अपनी विधानसभा क्षेत्र के ताखा तहसील को दिल खोलकर विकास का तोहफा दिया। दोपहर करीब 12 बजे उन्होंने एक बटन दबाकर 86 योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया।
निरीक्षण भवन के लोकार्पण के बाद समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने प्रदेश सरकार के कामों की तारीफ की। इसके साथ ही उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार और पूर्ववर्ती बसपा सरकार पर जमकर निशाने साधे।
उन्होंने कहा कि किसानों को पानी मुहैया कराने के लिए पूरे प्रदेश में परियोजनाएं चल रही हैं। 14 डैम अधूरे पड़े हैं। उन पर भी तेजी से काम चल रहा है। नहरें भी चौड़ी की जा रही हैं। ताखा तहसील का तेजी विकास हो रहा है।
एक्सप्रेस वे निकलने से इसका विकास और तेजी से होगा। जल्द ही अस्पताल का भी निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने इफ्को के मृदा परीक्षण प्रयोगशाला का भी लोकार्पण किया। केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि 11 महीने में मोदी सरकार ने कुछ नहीं किया। वह सिर्फ विदेशों में दौरे कर रहे हैं।
आरोप लगाया कि मोदी सरकार पूंजीपतियों की हितैषी है। समाचार चैनलों पर भी सिर्फ उनका ही भाषण चलता रहता है। प्रदेश से ही चुनकर वह प्रधानमंत्री बने हैं। उनके अलावा गृह मंत्री और रक्षा मंत्री भी यहीं से चुनकर गए हैं। इसके बाद भी यहां की जनता के लिए मदद नहीं मिल रही।
यह भी दावा किया कि जल संसाधन मंत्री उमा भारती भी प्रदेश को बजट न मिलने से नाराज हैं। उनके मंत्रालय का भी बजट 14 हजार करोड़ से एक हजार करोड़ कर दिया गया है। बसपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि उस समय तो हर काम कमीशन पर होता था।
इस मौके पर देवेंद्र यादव, विधायक प्रदीप यादव, अशोक सिंह यादव, मुख्य अभियंता आनंद मोहन प्रसाद, अधीक्षण अभियंता सिंचाई नीरज यादव, नलकूप के चीफ इंजीनियर ऋषिपा चौहान, अधीक्षण अभियंता लोनिवि एके सिंह, अधीक्षण अभियंता बलराम यादव, जयराज सिंह यादव, कर्मराज यादव, उमेश दीक्षित, सुनील यादव, इदरीस अंसारी, नेहालउद्दीन आदि मौजूद रहे।
मंच से की तहसीलदार और एसडीएम की खिंचाई
लोक निर्माण मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने मंच से ही ताखा तहसीलदार की खिंचाई की। उन्होंने कहा कि शिकायत मिली है कि वह बिना रिश्वत के कोई काम नहीं करते हैं। एसडीएम भी काम को लटकाते रहते हैं।
जायज काम को लटकाने का मतलब है कि वह भी कुछ चाहते हैं। कोई अधिकारी या कर्मचारी घूस मांगता है तो कार्यकर्ता गोपनीय पत्र भेजकर शिकायत करें। अभी तक कई गांवों में विद्युतीकरण नहीं हुआ है। बिजली विभाग के अफसरों पर जल्दी ही कार्रवाई होगी।
सीडीओ ऐसे गांवों में सोलर की व्यवस्था से बिजली पहुंचाने की व्यवस्था करें। उन्होंने कहा कि अब दलाल के माध्यम से कोई काम नहीं होगा। कब्जा करने वालों पर भी सख्त कार्रवाई करें।
प्रार्थनापत्र देकर की कार्रवाई की मांग
सपा राष्ट्रीय महासचिव व सिंचाई मंत्री को कार्यक्रम के बाद प्रार्थनापत्र देने वालों की झ़ड़ी लग गई। उन्होंने डी के अंदर आकर लोगों से खुद ही प्रार्थनापत्र लेकर उनकी समस्याएं सुनीं।
जुबैर कुरैशी के भाई गुड्डू और कामिल ने भी प्रार्थनापत्र देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। गौरतलब है कि पिछले दिनों शहर के साबितगंज मोहल्ले में जुबैर को गोली से उड़ा दिया गया।
‘राष्ट्रीय स्तर पर समाजवादी जनता दल बनेगा विकल्प’
ताखा (इटावा)। ‘बहुत जल्द समाजवादी जनता दल का गठन होने वाला है। इसमें सभी समाजवादी नेता एकजुट होकर राष्ट्रीय स्तर पर विकल्प पेश करेंगे।’
यह बात शनिवार को प्रदेश के लोक निर्माण, सिंचाई व राजस्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने कही। वह ताखा में नए निरीक्षण भवन और 86 अन्य परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के लिए आयोजित कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत रहे थे। इस दौरान उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर फिर जमकर निशाना साधे।
आरोप लगाते हुए कहा कि मोदी सरकार प्रदेश के साथ धोखा कर रही है। आपदा के बाद प्रदेश सरकार ने इसकी रिपोर्ट भेज दी लेकिन अभी तक केंद्र की तरफ से सहायता नहीं दी गई।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में बारिश और ओलावृष्टि से फसल नष्ट होने पर प्रदेश सरकार ने पांच सौ करोड़ रुपये दे दिए। सभी जिलों के डीएम को पैसा भेजने के बाद बंटने भी लगा है। खुदकुशी करने वाले किसान के परिजन को पांच लाख रुपये दुर्घटना बीमा और दो लाख रुपये सहायता दी जी रही है।
केंद्र सरकार धन देेने में बहानेबाजी कर रही है। 44 करोड़ रुपये की मांग की गई लेकिन अभी तक कुछ नहीं दिया। पांच बार रिपोर्ट भेजी जा चुकी है लेकिन सहायता के नाम पर केंद्र सरकार धोखेबाजी कर रही है।
नए दल में अपनी जिम्मेदारी के सवाल उन्होंने कहा कि अभी उनके पास जिम्मेदारी कम हैं क्या? उन्होंने कहा कि जिन योजनाओं का शिलान्यास किया है उनका काम समय पर पूरा होगा। इस दौरान दिबियापुर के विधायक प्रदीप यादव भी मौजूद थे।