अवैध संबंध के शक पर पत्नी को कुल्हाड़ी से काट डाला। बचाने आई दो बेटियों
को भी कुल्हाड़ी मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के
बाद पुलिस चौकी पहुंचकर खुद ही घटना की जानकारी दी। पुलिस को पहले तो यकीन
ही नहीं हुआ, इसी बीच पड़ोसियों ने पहुंचकर घटना की पुष्टि की, तब विश्वास
हुआ।
इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल पुत्रियों को अस्पताल
भिजवाया। शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दिल दहला देने वाली
यह वारदात बढ़पुरा थाना क्षेत्र स्थित उदी बाह रोड पर सोमवार की रात हुई।
गांव अबारी निवासी जानकी प्रसाद पुत्र छोटेलाल प्लंबर का काम करता है।
इस
समय वह उदी चौराहा के बाह रोड पर किराए के मकान में पत्नी आशादेवी (40), दो
पुत्रियां कामिनी व अंजली तथा चार छोटे पुत्रों के साथ रहता है। पत्नी
के चरित्र पर संदेह करने से उसका अक्सर झगड़ा होता रहता था। इसी मसले के
चलते सोमवार को उसकी सास भी उसके घर आ गई थी।
सास ने बेटी का पक्ष लेकर
जानकी प्रसाद को खूब खरी खोटी सुनाई। साथ ही पुत्रियों ने भी अपनी मां की
तरफदारी की थी। इससे वह काफी नाराज था। बताते हैं कि सोमवार की रात
तकरीबन 11 बजे पत्नी से उसका फिर वाद विवाद हुआ। बात बढ़ने पर उसने पत्नी
को कुल्हाड़ी से काट डाला।
उसकी पुत्री कामिनी व अंजली बचाने दौड़ी तो उन
पर भी कुल्हाड़ी से प्रहार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात को अंजाम
देने के बाद रात में ही उदी पुलिस चौकी पहुंचकर पूरी घटना बताई। चौकी
इंचार्ज संजय सिंह को एकबारगी उसकी बात पर विश्वास नहीं हुआ, लेकिन तुरंत
ही पड़ोसियों ने पहुंचकर घटना की पुष्टि की।
तब पुलिस को यकीन हुआ और पति
को हिरासत में ले लिया। बाद में मौके पर पहुंचकर गंभीर रूप से घायल दोनों
पुत्रियों को जिला अस्पताल भिजवाया। महिला का शव कब्जे में लेकर
पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उदी चौकी प्रभारी संजय सिंह ने
बताया कि अवैध संबंधों के शक में जानकी प्रसाद ने अपनी पत्नी आशा की
कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी।
दोनों पुत्रियों को घायल कर दिया। आरोपी
जानकी प्रसाद को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त
कुल्हाड़ी बरामद कर ली गई है।