फोटो 21:: निलेश कुमार की फाइल फोटो।
इटावा। फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के पितांबरपुर गांव में मंगलवार सुबह बिजली के तार को सही करते समय होमगार्ड की करंट से मौत हो गई। होमगार्ड अतिरिक्त मजिस्ट्रेट का यहां तैनात था। उसकी मौत से परिजन बदहवास हैं।
पितांबरपुर गांव के निवासी निलेश कुमार (30) बसरेहर थाना क्षेत्र में होमगार्ड के पद पर तैनात थे। उनकी ड्यूटी सोमवार रात को सदर तृतीय अतिरिक्त मजिस्ट्रेट प्रशांत कुमार श्रीवास्तव के आवास पर लगी हुई थी। ड्यूटी समाप्त होने के बाद निलेश मंगलवार की सुबह लगभग पांच बजे अपने घर लौटे थे। कुछ देर आराम करने के बाद, वह घर में खराब पड़े बिजली के तार को ठीक करने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान, उनका हाथ अचानक कटे हुए बिजली के तार से छू गया, जिससे वे तेज करंट की चपेट में आ गए और अचेत होकर वहीं गिर पड़े। आनन-फानन में, परिवार वाले निलेश को जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
निलेश कुमार, तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। वर्ष 2022 में उनके पिता रघुवीर की मृत्यु के बाद उन्हें होमगार्ड की नौकरी मिली थी। उनके परिवार में उनकी पत्नी खुशबू और तीन वर्षीय मासूम बेटा चंद्रशेखर हैं। बसरेहर कंपनी कमांडर बेताल सिंह ने बताया कि निलेश कुमार को 2022 में पिता के निधन के बाद आश्रित कोटे में नियुक्ति मिली थी। उनकी वर्तमान तैनाती बसरेहर थाने में थी जबकि रात्रि ड्यूटी अतिरिक्त मजिस्ट्रेट के आवास पर लगाई गई थी।