इटावा। रबी अभियान के तहत किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान पर गेहूं बीज वितरण की योजना का निर्धारित लक्ष्य पूरा हो गया है। जिले में 6500.40 क्विंटल गेहूं बीज वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसके सापेक्ष किसानों ने 6574 क्विंटल बीज की बुकिंग कराई है। लक्ष्य पूरा होने के बाद अब पोर्टल पर गेहूं बीज की बुकिंग बंद कर दी गई है।
जिला कृषि अधिकारी ओंकार सिंह ने बताया कि गेहूं बीज वितरण योजना का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाने के लिए प्रचार-प्रसार कराया गया। किसानों ने कृषि विभाग के पोर्टल के माध्यम से बीज की बुकिंग कराई। चयनित किसानों के मोबाइल पर बुकिंग की सूचना का एसएमएस भी भेजा गया है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में सभी राजकीय कृषि बीज भंडारों पर गेहूं बीज उपलब्ध है और नियमानुसार वितरण किया जा रहा है।
जिन किसानों ने बीज की बुकिंग कराई है, वे जल्द से जल्द संबंधित राजकीय कृषि बीज भंडार पहुंचकर अंगूठा लगाकर अपना बीज प्राप्त कर लें। इसके लिए 19 नवंबर 2026 अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। निर्धारित समय तक बीज प्राप्त नहीं करने वाले किसानों का आवंटन निरस्त कर दिया जाएगा। इसके बाद प्राथमिकता के क्रम में प्रतीक्षा सूची में शामिल किसानों को बीज उपलब्ध कराया जाएगा।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि लक्ष्य पूरा होने के कारण पोर्टल पर नई बुकिंग नहीं हो रही है। हालांकि, सभी क्षेत्रों में निजी विक्रेताओं के पास गुणवत्तायुक्त गेहूं बीज उपलब्ध हैं। जिन किसानों ने सरकारी पोर्टल पर बुकिंग नहीं कराई है, वे निजी दुकानों से बीज प्राप्त कर सकते हैं। बीज प्राप्त करने या किसी प्रकार की परेशानी होने पर किसान कृषि विभाग के कंट्रोल रूम नंबर 9012000859 और 8630650013 पर संपर्क कर सकते हैं।