जसवंतनगर की चुनाव जनसभा में शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि प्रदेश में मुलायम सिंह यादव के संघर्ष से ही सपा सरकार बनी। अब पार्टी में कई भितरघाती हैं, सभी इनसे सावधान रहें। एक बार फिर से संघर्ष के लिए तैयार रहें। वह नेताजी के लिए मर मिटने को तैयार हैं। मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व में उत्तरप्रदेश और दिल्ली पर कब्जा जमाकर हर वर्ग को खुशहाल बनाया जाएगा।
हिंदू विद्यालय मैदान पर जुटे कार्यकर्ताओं से जसवंतनगर से सपा प्रत्याशी शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि जसवंतनगर उन्हें मुलायम सिंह यादव ने विरासत में दिया है और उसका सम्मान रखना उनकी जिम्मेदारी है। कहा कि नेताजी के संरक्षण में समाजवादी पार्टी ने हमेशा वादों को पूरा किया। जबकि विरोधी दल हमेशा ही वादों से मुकरते रहे हैं। उनके पास जो भी विभाग रहे उनका प्रयास रहा कि उनका ज्यादा से ज्यादा लाभ जनता को मिले। राजस्व विभाग की 13 हजार नौकरियों के साथ पीडब्लूडी, सिंचाई और सहकारिता में भी बेरोजगारों को नौकरी से जोड़ा और विरोधी दल भी इन कार्यों में कोई कमी नहीं निकाल पाए। आज अपने बीच कई भितरघाती हो गए हैं इनसे सावधान रहने की जरूरत है। जिस तरह से मुलायम सिंह यादव के साथ पूर्व में समर्थक संघर्ष करते आए हैं उसी प्रकार की जरूरत है। उन्होंने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में उन्हें एक लाख 33 हजार की लीड मिली थी और उन्हें यकीन है कि इस बार भी क्षेत्र की जनता इतिहास रचेगी। सभा में इटावा सदर के निवर्तमान विधायक रघुराज सिंह शाक्य ने कहा कि उन्हें पूर्व की तरह इस बार भी मुलायम सिंह यादव ने टिकट देकर प्रत्याशी बनाया लेकिन बाद में उनका टिकट काट दिया गया। वह हमेशा नेताजी के साथ हैं। इस मौके पर पीसीएफ चेयरमैन आदित्य यादव, सुखदेवी वर्मा ,सुभाष चंद्र यादव ,मानिक चंद्र यादव, रामनरेश मिनी, उमेश दीक्षित, अमित जानी ,ब्लाक प्रमुख अनुज मोटी यादव, राहुल गुप्ता, डा बृजेश चंद्र यादव, महावीर सिंह यादव, अजेंद्र गौर ,विश्राम सिंह यादव, चेयरमैन विमलेश यादव मौजूद रहे।
फिर मंच पर पहुंचे लोकदल प्रत्याशी आशीष राजपूत
जसवंतनगर। जनसभा में भी इटावा सदर से लोकदल के टिकट पर चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी आशीष राजपूत लोक दल की टोपी लगाकर मंच पर पहुंच गए। मुलायम सिंह यादव के संबोधन के तुरंत बाद मंच पर पहुंचे आशीष राजपूत ने मुलायम सिंह यादव क ा आशीर्वाद लिया।
समर्थकों ने मुलायम को दी गदा
इटावा। मंच पर मुलायम सिंह यादव के पहुंचते ही समर्थकाें ने उनका जोरदार स्वागत किया। युवाओं की टोली ने मुलायम सिंह यादव को गदा भेंट की। वहीं शिवपाल सिंह यादव को तलवार दी। सभा के समापन के बाद मंच से उतरते मुलायम सिंह को प्रार्थना पत्र देने वालों की भीड़ लग गई। जिसके बाद उन्होंने रुककर कई लोगों के प्रार्थना पत्र लिए।