बोर्ड बैठक में शहर की पेयजल योजना के मुद्दे पर चर्चा करते सभासद रत्नेश भदौरिया।
- फोटो : अमर उजाला
नगर पालिका बोर्ड की बैठक बुधवार को पालिका सभागार में हुई। इसमें शहर की पेयजल योजना पर लगे ग्रहण का मुद्दा गूंजा। एक सभासद द्वारा जलनिगम के विरुद्ध रखे गए निंदा प्रस्ताव को मेज थप थपाकर पास किया गया। इसके साथ ही नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा सभी वार्डों को पांच पांच सबमर्सिबल पंप दिए जाने की घोषणा को सभासदों ने पानी की बर्बादी से जोड़कर हैंडपंप लगाने क ा प्रस्ताव रखा। इसे पास कर दिया गया।
पालिकाध्यक्ष कुलदीप गुप्ता संटू गुप्ता की अध्यक्षता व अधिषाशी अधिकारी नीलम चौधरी की मौजूदगी में हुई बैठक में जनवरी से मार्च तक का आय व्यय का ब्योरा रखा गया। इसके बाद शहर के कई क्षेत्रों में गलियों के निर्माण का प्रस्ताव पास हुआ। इस बीच गांधीनगर वार्ड के सभासद रत्नेश भदौरिया ने शहर की पेयजल योजना का मुद्दा उठाया। कहा कि जलनिगम की टंकियां बनकर खडी हैं लेकिन गुणवत्ता न होने के कारण शहरवासियों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है।
ऐसे में नगरपालिका को जलनिगम के साथ मिलकर कोई रास्ता निकालना चाहिए। जल निगम के रवैये से नाराज शाहग्रान वार्ड के सभासद शाबिर ने बोर्ड को बताया कि जल निगम द्वारा पाइप लाइन बिछाने में बरती गई लापरवाही के कारण नगर पालिका द्वारा बनाई गई गलियां ध्वस्त हो रही हैं। टंकियाें के निर्माण में भी मानकों का ध्यान नहीं रखा गया है। उन्हाेंने बोर्ड के सामने जलनिगम के विरुद्ध निंदा प्रस्ताव रखा जिसका सभी सभासदों ने स्वागत किया। अध्यक्ष ने सबमर्सिबल की संख्या कम करने और प्रत्येक वार्ड में हैंडपंप लगवाने का प्रस्ताव रखा जिसका सभी ने स्वागत किया। सभासद शरद बाजपेई ने सेप्टिक टैंक क ा सफाई शुल्क पूर्व की तरह दो हजार रुपये किए जाने, नगर पालिका की जमीन चिह्नित कर कब्जे हटवाने व स्वतंत्रता सेनानियों का जलकर व गृहकर माफ किए जाने का प्रस्ताव रखा।