ताखा। झोपड़ी में भूसा लेने गए पिता-पुत्र पर दीवार गिर गई। हादसे में पांच वर्षीय पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता घायल हो गया।
ऊसराहार थाना क्षेत्र के गंगदासपुर गांव में मंगलवार सुबह 11 बजे जानवरों के लिए भूसा लेने गए संजीव कुमार के साथ उनका बेटा यश (5) भी था। भूसा निकालते वक्त पास की दीवार भरभराकर झोपड़ी पर गिर गई। इसमें पिता-पुत्र दोनों दब गए। आवाज सुनकर परिजन और पड़ोसी दौड़ पड़े। काफी प्रयास के बाद ग्रामीणों की मदद से दोनों को बाहर निकाला गया। तब तक यश की मौत हो गई। संजीव को सरसईनावर सीएचसी ले जाया गया।
नायब तहसीलदार सूरज प्रताप सिंह व लेखपाल अभिनव चौहान ने जांच की। नायब तहसीलदार ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया है। उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जा रही है।