इटावा। मतदाता सूची में नाम शामिल कराने और त्रुटियों को दुरुस्त कराने के लिए 17 और 24 अक्तूबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले के सभी मतदेय स्थलों पर सुबह 10 से शाम चार बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहेंगे।
जिले के जसवंतनगर, इटावा और भरथना विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता प्रारूप छह, सात और आठ के माध्यम से दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। पहली बार मतदान करने वाले युवा और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र लोग प्रारूप छह भरकर आवेदन कर सकते हैं।
सूची से नाम हटवाने के लिए प्रारूप सात और नाम, पता आदि में संशोधन, स्थानांतरण व दिव्यांग मतदाताओं के चिह्नांकन के लिए प्रारूप आठ भरना होगा। आवेदन के साथ फोटो, जन्मतिथि और निवास संबंधी स्वप्रमाणित दस्तावेज लाने होंगे। (संवाद)