जसवंतनगर। मंगलवार सुबह कड़ाके की सर्दी के बीच इटावा शहर के लालपुरा मोहल्ले से विहार करते हुए मुनि श्री विश्वास सागर महाराज जसवंतनगर पहुंचे। कस्बे के कैस्त तिराहे से जैन समाज के युवाओं ने गुरुदेव की अगुवानी की। इस दौरान युवाओं ने विश्वास सागर महाराज के जयकारे लगाए। शहर से जसवंतनगर तक उनके साथ बड़ी संख्या में गुरुभक्त भी पैदल विहार करते हुए चल रहे थे। गुरुदेव के सानिध्य में कस्बे में नववर्ष के धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों का भव्य समागम आयोजित किया जाएगा। नववर्ष की पूर्व संध्या पर एक शाम गुरुवर के नाम भक्ति संध्या आगरा के प्रसिद्ध संगीतकार संस्कार जैन देंगे। कार्यक्रम में महिला, युवा एवं बच्चे बड़ी संख्या में सम्मिलित होकर भगवान के गुणगान करेंगे। कार्यक्रम को लेकर कस्बे के जैन समाज के लोगों में उत्साह का माहौल है। भक्ति, संगीत और श्रद्धा से ओतप्रोत वातावरण में नव वर्ष का स्वागत किया जाएगा। कस्बे के आशीष जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि एक जनवरी को सुबह अभिषेक एवं शांतिधारा के बाद विधान का आयोजन किया जाएगा।