इटावा। बढ़पुरा विकास खंड के दर्जनों गांव यमुना नदी पर पुल निर्माण के लिए ग्रामीणों का धरना-प्रदर्शन जारी है। क्षेत्रीय लोग बुधवार 25 मार्च को कचहरी स्थित जिला सभागार पर धरना प्रदर्शन करेंगे। ग्रामीणों की मुख्य मांग यमुना नदी पर पुल निर्माण करवाना है। जिससे क्षेत्र की लगभग 50 हजार की आबादी को राहत मिल सके। साथ ही जिला मुख्यालय तक पहुंचने की दूरी और समय कम हो सके।
मंगलवार को पिलुआ महावीर मंदिर रूरा में ग्रामीणों का धरना-प्रदर्शन जारी रहा। ग्रामीणों ने बताया ग्राम पंचायत पुरा मुरौंग, पछायगांव, भाउपुरा, जैतपुरा, असवा, वसवारा, असवा कछार समेत कई पंचायतों के लोगों को जिले के मुख्यालय तक आने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ता है। ग्रामीणों ने बताया कि जिला मुख्यालय तक की दूरी अभी लगभग 45 किलोमीटर है। अगर यमुना नदी पर पुल का निर्माण हो जाए तो यह दूरी घटकर लगभग एक तिहाई रह जाएगी। ग्रामीणों ने बताया कि पुल निर्माण को लेकर क्षेत्रीय लोग पिछले 10 साल से मांग करते रहे हैं लेकिन अब तक जनप्रतिनिधियों के कान पर जूं तक नहीं रेंगी। हर बार चुनाव के समय नेता पुल बनवाने का लुभावना वादा कर वोट तो हासिल कर लेते हैं लेकिन चुनाव के बाद उन्हें ग्रामीणों की इस समस्या की कोई परवाह नहीं रहती। अधिकांश ग्रामीणों ने बताया कि उनकी ज्यादातर रिश्तेदारियां नदी के पार के नजदीकी गांवों में हैं। पुल न होने के कारण वहां जाने के लिए पहले जिला मुख्यालय आना पड़ता है, फिर आगरा-वाह रास्ते पर जाकर वहां पहुंच पाते हैं। पूर्व प्रधान संत कुमार कुशवाहा, समाजसेवी रामनरेश सिंह भदौरिया समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।