चौबिया विद्युत उपकेंद्र पर प्रदर्शन करते चौबिया पड़ाव के ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
बसरेहर। फुंके ट्रांसफार्मर के नहीं बदले जाने से गुस्साए ग्रामीणों ने गुरुवार को चौबिया उपके्ंद्र का घेराव किया। ग्रामीणों का गुस्सा देख उपकेंद्र के कर्मचारी भाग निकले। ग्रामीणोें ने आरोप लगाया कि फुंके ट्रांसफार्मर को बदलने के नाम पर सुविधा शुल्क मांगा जा रहा है। बुधवार शाम कर्मचारी ट्रांसफार्मर लेकर आए और अतिरिक्त पैसे की मांग की। पैसा नहीं देने पर ट्रांसफार्मर वापस ले गए।
ग्राम चौबिया पड़ाव में 63 केवीए के ट्रांसफार्मर से बिजली आपूर्ति होती है। यह ट्रांसफार्मर तीन चार दिन पहले फुंक गया था। शिकायत करने पर बुधवार शाम को नया ट्रांसफार्मर लेकर कर्मचारी मौके पर पहुंचे। गांव के प्रत्येक घर से सौ -सौ रुपए एकत्र कर देने को कहा। जब ग्रामीणों ने रुपए देने से इनकार किया तो कर्मचारी ट्रांसफार्मर लेकर वापस चले आए। ग्रामीणों ने बताया कि तुरंत ही इसकी शिकायत उपकेंद्र पर की गई।
इसके बाद भई कोई सुनवाई नहीं हुई। इससे गुस्साए ग्रामीण गुरुवार को उपकेंद्र पर पहुंचे और प्रदर्शन करने लगे। यह देख उपकेंद्र के कर्मचारी भाग निकले। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उपकेंद्र मौजमस्ती का अड्डा बन गया है। वहां पर रोज शराब और मीट के दौर चलते हैं। उन्होंने बताया कि बिजली घर के कमरे में शराब की बोतले मीट आदि सामान मिला। ग्रामीणों ने मांग की कि जल्द ही ट्रांसफार्मर नहीं बदला तो फिर से घेराव किया जाएगा। घेराव के दौरान मौजूद महिलाओं में गीतादेवी, रोजी, रानी देवी, सरलादेवी, सुनीता, गुड्डी, उर्मिला आदि तमाम महिलाएं व पुरुष मौजूद रहे।