इटावा। प्राथमिक विद्यालयों के बंद होने के कारण पढ़ाई से वंचित छात्र छात्राओं को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता पढ़ाने का काम करेंगे। इसके लिए नगर क्षेत्र में आठ स्थानों को चिह्नि किया गया हैं। आवश्यकतानुसार अन्य क्षेत्रों में भी इस प्रकार की कक्षाएं लगाई जाएंगी।
कोविड 19 वैश्विक महामारी में शिक्षा क्षेत्र सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। सभी शिक्षण संस्थान, कोचिंग संस्थान बंद हैं। छात्र घर बैठे ही शिक्षण व कोचिंग संस्थानों से ऑनलाइन शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। इस आधुनिक युग में प्राइवेट संस्थानों एवं कालेजों के छात्र छात्राएं सभी तरह से सुविधा संपन्न होने की वजह से अपनी कक्षाओं की शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।
वहीं सरकारी प्राइमरी विद्यालयों के छात्र छात्राओं का पठन पाठन बंद होने की वजह से वे शिक्षा से वंचित है। उनके लिए ऐसी कोई योजना व सुविधा नहीं है जिससे कि कोई ऑनलाइन कक्षाएं चले। यदि ऐसी सुविधा व योजना भी हो जाए तो उनके पास उस सुविधा को प्राप्त करने लिए संसाधन नहीं हैं। विद्यार्थी परिषद कानपुर प्रांत ने प्रांत के प्रत्येक जिले में चयनित इकाई केंद्रों पर एक सितंबर से ऐसे छात्रों के बीच में परिषद की पाठशाला चलाने का निर्णय लिया है।
परिषद के कार्यकर्ता चिह्नित स्थान पर प्राइमरी स्तर के विद्यार्थियों का एकत्रीकरण कर सोशल डिस्टेंस का पालन करते हुए उन छात्रों को पढ़ाने का कार्य करेंगे। ताकि वो अभाव में भी आसानी से शिक्षा प्राप्त कर सकें। वर्तमान समय में देश की परिस्थिति से भी परिचित हो सकें।
प्रांत के एसएफएस प्रमुख अनिरुद्ध गुप्ता ने कहा कि यह हमारे लिए एक महत्वपूर्ण अभियान है। इसके माध्यम से हमें ऐसे छात्रों के बीच में जाने का अवसर प्राप्त हो रहा है,जिनके लिए हमें सही मायने में करने की आवश्यकता है। इतना ही नहीं इस अभियान से कहीं न कहीं उन छात्रों को ही अपितु शिक्षा विभाग को भी लाभ मिलेगा।
जिला संयोजक हिमांशु तिवारी ने कहा कि यह अभियान जिले में अलग अलग नगर इकाइयों से आठ चयनित स्थानों पर निश्चित समय पर चलेंगी। जिसकी सभी तैयारियां पूर्ण हो गईं हैं। संगठन की तरफ से इस अभियान का संयोजन परिषद के स्वाध्याय मंडल कार्य प्रमुख अभिषेक राठौर को बनाया गया है। इस अभियान के निमित्त बनी योजनाओं के अनुरूप इस अभियान के लिए विशेष योजना से कार्य करेंगे।
इस अभियान में संगठन मंत्री निर्भय प्रताप, छात्रा प्रमुख तान्या मिश्रा,अंजलि, पवन चौधरी, अजय राजपूत, सत्येन्द्र सोलंकी, अभिषेक कठेरिया, अनुज पुरोहित, शिवम चौहान, आयुष चौधरी, अनुराग राजपूत, प्रखर शुक्ल, गौरव यादव आदि इस अभियान में सक्रिय भूमिका का निर्वहन करेंगे।