ऊसराहार। थाना क्षेत्र के रुद्रपुर चौराहे पर शनिवार को अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बाइक चला रहा चचेरा भाई हेलमेट लगाए था, जिससे उसकी जान बच गई। उसका सरसईनावर सीएचसी में उसका इलाज चल रहा है।
ऊसराहार थाना क्षेत्र के पृथ्वीपुर पुरैला गांव निवासी राकेश कुमार (32) अपने एक चचेरे भाई देवेंद्र शाक्य के साथ बाइक से इटावा जा रहा था। देवेंद्र बाइक चला रहा था। लिहाजा वह हेलमेट पहने था। राकेश पीछे बैठा था। कस्बा स्थित रुद्रपुर चौराहे के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे दोनों घायल हो गए। थाना पुलिस ने उन्हें सरसईनावर सीएचसी पहुंचाया। जहां से राकेश कुमार को गंभीर हालत होने पर जिला अस्पताल भेज दिया गया, लेकिन जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में राकेश ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। ऊसराहार थाना प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दुर्घटना के समय बाइक पर पीछे बैठा राकेश हेलमेट नहीं लगाए था, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आने से मौत हो गई। हेलमेट पहने बाइक चला रहा उसका चचेरा भाई देवेंद्र घायल हुआ है।