सैफई। एएनएम प्रथम वर्ष की छात्रा प्रिया मिश्रा की हत्या से गुरुवार रात सैफई मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं में आक्रोश है। गुरुवार रात के बाद शुक्रवार सुबह फिर ट्रामा सेंटर में हंगामा हुआ। बड़ी संख्या में जुटीं पैरामेडिकल छात्राओं ने प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की। अधिकारियों के कार्रवाई के आश्वासन पर प्रदर्शन समाप्त हुआ।
शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे एक हजार से अधिक छात्राएं छात्रों के साथ इमरजेंसी ट्रामा सेंटर के गेट पर एकत्रित हो गईं। छात्रा प्रिया की हत्या पर नाराजगी जाहिर करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। प्रिया को न्याय दिलाने और छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर करीब तीन घंटे तक प्रदर्शन किया। छत्र-छात्राओं ने सीसीटीवी खराब होने और गार्ड की संख्या कम होने पर नाराजगी जाहिर की। सूचना पर एसडीएम दीपशिखा, एसडीएम कुमार सत्यमजीत, सीओ विवेक जावला, सीओ नागेंद्र चौबे पहुंच गए।
उन्होंने छात्र-छात्राओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मानीं। इसके बाद कुलपति प्रोफेसर डॉ. प्रभात कुमार सिंह एवं प्रतिकुलपति डॉ. रमाकांत यादव को बुलाकर छात्राओं की मांगों को पूरा कराने के लिए शासन को पत्र लिखने का आश्वासन दिया। पैरामेडिकल छात्र-छात्राओं के बाद एबीवीपी के कार्यकर्ता मेडिकल कॉलेज परिसर में पहुंच गए। उन्होंने भी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने, पोस्टमार्टम रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की। शाम करीब पांच बजे कुलपति के समझाने पर एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन समाप्त किया।
निजी अस्पताल में ले जाकर प्रिया को बचाने का किया था प्रयास
शुक्रवार दोपहर लगभग पौने 12 बजे महेंद्र कार से गंभीर हालत में प्रिया को फर्रुखाबाद दतावली नहर के पास स्थित शहर के एक बड़े निजी अस्पताल में ले गया था। यहां पर नर्सिंग स्टाफ ने प्रिया की हालत गंभीर देखते हुए उसे बचाने में असमर्थता जताई थी और मेडिकल कॉलेज ले जाने के लिए कहा था। इस पर वह उसे लेकर फिर कानपुर-आगरा नेशनल हाईवे की ओर निकल गया। इस बीच लगभग 12 बजे प्रिया ने दम तोड़ दिया। उसके शव को ठिकाने लगाने के लिए लगभग तीन घंटे तक यमुना पुल और उदी क्षेत्र में घूमा, लेकिन कोई मौका नहीं मिला। इसके बाद करीब साढ़े चार घंटे अन्य रास्तों पर घुमाया। रात करीब 7:31 बजे वैदपुरा क्षेत्र में सोनई पुल के पास शव को फेंककर एक्सप्रेसवे होते हुए छिबरामऊ निकल गया। यहां आरोपी अपने एक मित्र के यहां रुका था। पुलिस टीम में एसओज प्रभारी जयप्रकाश सिंह, सर्विलांस प्रभारी नागेंद्र चौधरी, वैदपुरा एसओ समित चौधरी, चौबिया एसओ मंसूर अहमद आदि शामिल रहे।