यूपी बोर्ड परीक्षा 16 मार्च से शुरू हो रही हैं। जिले में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के कुल 47 हजार 74 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। जो कुल 101 केंद्रों पर परीक्षा देंगे। नकल रोकने के लिए 30 सेक्टर मजिस्ट्रेट समेत आठ जोनल मजिस्ट्रेट भ्रमण पर रहेंगे। इसके अलावा तहसील स्तर पर सचल दल मौजूद रहेंगे।
माध्यमिक शिक्षा परिषद उप्र इलाहाबाद से संचालित बोर्ड परीक्षा में इस बार जिले में हाईस्कूल के संस्थागत में 14345 छात्र व 11710 छात्राएं और इंटरमीडिएट में 10465 छात्र व 9481 छात्राएं शामिल होंगे। इसके अलावा हाईस्कूल के व्यक्तिगत में 343 और इंटरमीडिएट के 730 परीक्षार्थी भी पंजीकृत हैं।
परीक्षार्थियों की यह संख्या गत बोर्ड परीक्षा से कम है। गत वर्ष जिले से कुल 51816 परीक्षार्थी पंजीकृत रहे हैं। इस बार 4742 परीक्षार्थी कम हैं। मौजूदा परीक्षा केंद्रों में सात राजकीय कालेज, 41 सहायता प्राप्त और 53 वित्त विहीन कालेज शामिल हैं।
इंसेट
- जीजीआईसी सैफई में राधा मोहन बने केंद्र व्यवस्थापक
बोर्ड परीक्षा में आमतौर पर प्रधानाचार्य ही केंद्र व्यवस्थापक हैं। लेकिन सैफई स्थित राजकीय बालिका इंटर कालेज में प्रधानाचार्या दीप्ति वार्ष्णेय की जगह राधा मोहन श्रीवास्तव को केंद्र व्यवस्थापक बनाया गया है। जबकि प्रधानाचार्या दीप्ति को सचल दल में
जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं द्रौपदी देवी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नगला महाजीत में केंद्र व्यवस्थापक के अलावा पूरन सिंह पाल को सुपरवाइजर के तौर पर तैनात किया गया है। डीआईओएस देवेंद्र प्रकाश ने बताया कि परीक्षा केंद्र की व्यवस्था के मद्देनजर यह कदम उठाए गए हैं।
इंसेट
अनिवार्य पेपरों में ही ड्यूटी करेंगे बेसिक शिक्षक
बोर्ड परीक्षा के दौरान अनिवार्य विषयों के पेपरों में ही परिषदीय शिक्षकों की ड्यूटी लगेगी। सामान्य तौर पर माध्यमिक विद्यालयों के स्टाफ से ही व्यवस्था रहेगी। हिंदी व अंग्रेजी विषयों में परीक्षार्थियों की अधिक संख्या को देखते हुए परीक्षा के दौरान बेसिक शिक्षकों की ड्यूटी लग सकती है।
बीएसए ओपी सिंह के अनुसार बोर्ड परीक्षा के लिए 1683 परिषदीय शिक्षक उपलब्ध कराए गए हैं। एबीएसए से कहा गया है कि परीक्षा केंद्रों की डिमांड के तहत टीचर दिए जाएं। वहीं, डीआईओएस ने बताया कि अनिवार्य विषयों की परीक्षा के बाद परिषदीय शिक्षकों को रिलीव कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सामान्य तौर पर करीब 200 मानदेय शिक्षकों की भी ड्यूटी रहेगी।
इंसेट
गैर हाजिर परीक्षार्थियों की सूचना सीधे दें बोर्ड को
माध्यमिक शिक्षा परिषद ने इस बार परीक्षा केंद्रों को कंप्यूटर व इंटरनेट की सुविधा बहाल रखने के निर्देश दिए हैं। डीआईओएस ने बताया कि सभी 101 केंद्र व्यवस्थापकों ने लिखित तौर पर उक्त व्यवस्था कर लेने का आश्वासन दिया है। जहां कहीं भी इंटरनेट की दिक्कत होगी। वहां मैनुअली सूचना प्राप्त करने के भी कदम उठाए जा रहे हैं। मालूम हो कि यह व्यवस्था परीक्षा में अनुपस्थित परीक्षार्थियों की सूचना सीधे बोर्ड को भेजने के लिए हो रही है।
वर्जन
नकलविहीन परीक्षा कराने के सभी प्रयास किए गए हैं। इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। परीक्षा की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। फ्लाइंग स्क्वॉयड की एक टीम मुख्यालय पर रिजर्व के तौर पर रहेगी। कंट्रोल रूम भी बनाया गया है।
देवेंद्र प्रकाश, डीआईओएस, इटावा