फोटो 29:: महेवा स्थित लोकमान्य इंटर कॉलेज में परीक्षार्थियों की जांच करते शिक्षक। स्रोत-शिक्षक
इटावा। भारी सुरक्षा और कड़ी घेराबंदी के बीच सोमवार को यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं शुरू हो गईं। शासन की सख्ती और नकल विहीन परीक्षा के संकल्प का असर पहले ही दिन देखने को मिला जब जिले के 67 केंद्रों पर कुल 2,688 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा से किनारा कर लिया।
पहले दिन प्रथम पाली में हाईस्कूल हिंदी और द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट के हिंदी प्रश्नपत्र की परीक्षा हुई। गेट पर ही सघन तलाशी के बाद परीक्षार्थियों को अंदर प्रवेश दिया गया। जनपद मुख्यालय पर बने हाईटेक कंट्रोल रूम और मॉनिटरिंग सेल से हर केंद्र की लाइव निगरानी की गई। हाईस्कूल की परीक्षा में प्रथम पाली में 21,656 पंजीकृत छात्रों में से 20,213 उपस्थित रहे जबकि 1,443 अनुपस्थित रहे। वहीं इंटरमीडिएट की परीक्षा द्वितीय पाली में 20,476 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 19,231 ने परीक्षा दी और 1,245 छात्र गैरहाजिर रहे।
कुल मिलाकर दोनों पालियों में 2,688 परीक्षार्थियों ने पहले ही दिन परीक्षा छोड़ दी। डीएम शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने सनातन धर्म इंटर काॅलेज और एचएमएस इस्लामिया इंटर कॉलेज का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाएं जांचीं। राज्यस्तरीय पर्यवेक्षक प्रतिभा मिश्रा और डीआईओएस अतुल कुमार सिंह ने उदी, चकरनगर और बकेवर के ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित केंद्रों का दौरा किया।
नकल रोकने के लिए गठित सचल दल दोनों पारियों में सक्रिय रहे। सचल दल प्रभारी नीता कटारिया, धर्मेन्द्र कुमार और पूरन सिंह पाल ने सैंफई, भरथना, बकेवर और बसरेहर के 12 से अधिक स्कूलों में औचक निरीक्षण किया।