फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दो दिन की बेमौसम बारिश से फीका हो रहा त्योहार, दुकानदार मायूस

Mon, 02 Mar 2015 10:19 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, इटावा
विज्ञापन
विज्ञापन
होली का त्योहार दहलीज पर खड़ा है। बाजार त्योहार के रंग में रंगे ही थे कि रविवार को हुई भीषण बारिश ने बाजारों से होली का रंग उतार दिया। बारिश के चलते संडे को बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। सोमवार को सुबह के वक्त हुई बारिश से सड़कों पर किचपिच रहने से ग्राहक खरीददारी के लिए नहीं निकले।
विज्ञापन


दो दिन की दुकानदारी मारे जाने से दुकानदारों मायूस हैं। दुकानदारों में चिंता इस बात की है कि अगर मौसम साफ नहीं हुआ तो होली जैसे प्रमुख त्योहार पर होने वाली बिक्री से हाथ न धो बैठें।

इस समय बाजार में चारों ओर होली के रंग से लेकर चिप्स, पापड़ और खोये सहित अन्य सामान की दुकानें नजर आ रही हैं। ग्रामीण क्षेत्र के साथ ही शहर क्षेत्र के लोग भी खरीददारी में जुटे हैं। दुकानदारों को उम्मीद थी कि छुट्टी होने के कारण इस संडे को जबरदस्त बिक्री होगी, पर शनिवार की रात से हुई बारिश ने दुकानदारों के सारे अरमानों पर पानी फेर दिया।
विज्ञापन


रविवार को दिनभर तेज बारिश होने से लोग घरों से नहीं निकले और बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। रविवार को दिनभर हुई बारिश के बाद सोमवार को भी बादल छाए रहे और सुबह के वक्त तेज बारिश भी हुई। इसके साथ ही दिनभर रुक-रुक कर पानी बरसता रहा।

बारिश से सड़कों पर जगह-जगह जलभराव और कीचड़ होने से पूरे दिन किचपिच बनी रही। इस कारण त्योहार होने के बावजूद ग्राहक घरों से नहीं निकले। दो दिन की बारिश ने पूरी तरह से दुकानदारी चौपट कर दी। इससे दुकानदार मायूस हैं। दुकानदारों को चिंता इस बात की है कि कहीं होली तक मौसम ऐसा ही रहा तो सबसे ज्यादा नुकसान उन्हें ही होगा।

तहसील क्षेत्र के कुछ गांवों में सोमवार को तड़के बरसात के साथ ओले भी गिरे। इससे आलू के साथ खेतों में खड़ी अन्य फसलों को भारी नुकसान हुआ। नगला भारा निवासी लायक सिंह ने बताया कि सोमवार की सुबह करीब चार बजे अचानक पानी बरसने लगा और ओले गिरने लगे जिससे खेतों में खड़ी गेहूं, सरसों, आलू व सब्जियाें को भारी नुकसान हुआ है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें