इटावा। शुक्रवार देर रात पचावली रोड पर बिना नंबर प्लेट की तेज रफ्तार कार ने सब्जी के ठेले में टक्कर मारते हुए एक के बाद एक तीन कारों में भी टक्कर दी। गुस्साई भीड़ ने चालक को पकड़कर पीट दिया और कार में तोड़फोड़ कर दी, जिसका वीडियो वायरल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस चालक को हिरासत में लेकर थाने में ले जाकर आपसी समझौता कराकर मामला रफा दफा करा दिया।
शुक्रवार रात करीब आठ बजे फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के विजय नगर चौराहा की ओर से पचावली की ओर जा रही तेज रफ्तार कार ने योगेंद्र सिंह के ठेले में जोरदार टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। वहीं, एक के बाद एक तीन कारों में टक्कर मारने के बाद गाड़ी रुक गई। गुस्साई भीड़ ने कार में तोड़फोड़ कर दी और चालक को बाहर खींचकर पीट दिया। तोड़फोड़ और मारपीट का वीडियो वायरल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पीड़ित भी थाने पहुंच गए। एसआई दयानंद पटेल ने बताया कि चालक ने पीड़ितों के नुकसान की भरपाई के लिए लिखित में देकर राजीनामा कर लिया है।