चौबिया थाना क्षेत्र के कर्री के पास ट्रक में पीछे से घुसी कार।
- फोटो : अमी उजाला
चौबिया थाना के अंतर्गत फर्रुखाबाद रोड पर कर्री के पास तेजी से जा रही एक कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसे में कार चालक की मौत हो गई, जबकि कार में सवार एक ही परिवार के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। उन्होंने कार के दरवाजे तोड़कर घायलों को बाहर निकाला और इलाज के लिए मिनी पीजीआई सैफई भिजवाया। मृतक इकदिल कस्बे के पत्रकार का भाई था। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
इकदिल कस्बा के पत्रकार सुशील सम्राट का छोटा भाई 30 वर्षीय सुनील कुमार तिवारी पुत्र राम औतार तिवारी दिल्ली में ड्राइवरी करता था। वह करतार नगर में रहने वाले अशोक कुमार पुत्र राम चंद्र दुबे की कार चलाता था। रविवार शाम को वह अशोक कुमार, उनकी पत्नी लक्ष्मी दुबे, बहन अलका शुक्ला, उनकी मां गीता देवी व चार वर्षीय पुत्र शिवांक को छोड़ने के लिए उनके पैतृक गांव अजीजपुर, थाना किशनी मैनपुरी के लिए निकला था।
सोमवार सुबह चार बजे जैसे ही उनकी कार चौबिया थाना क्षेत्र के गांव कर्री के पास पहुंची, तभी कार असंतुलित हो गई और सड़क के किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। इस हादसे में चालक सुनील कुमार तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार अशोक कुमार दुबे, लक्ष्मी दुबे अलका शुक्ला, गीता दुबे व शिवांक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा होने पर आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और कार में फंसे लोगों को निकालने के प्रयास शुरू कर दिए। हादसे के बाद कार की खिड़कियां लॉक हो गई। लोगों ने खिड़की तोड़कर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सूचना पर चौबिया थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए मिनी पीजीआई सैफई भिजवाया। साथ ही मृतक चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की जानकारी मिलने पर तमाम लोग पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। सदर विधायक रघुराज सिंह शाक्य व भाजपा नेता मनीष यादव पतरे ने पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचकर शोक व्यक्त किया तथा मृतक के परिजनों को सांत्वना दी ।