निवाड़ीकला। बकेवर थाना क्षेत्र के इंद्रापुर गांव में बुधवार को किसान के खेत में फसल की कटाई के दौरान हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर दो युवक गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
इंद्रापुर गांव में किसान मुकेश मिश्रा के खेत में कंबाइन मशीन से फसल की कटाई हो रही थी। इसी दौरान मशीन के पीछे से ऊपर चढ़ रहे सोहिल निवासी पलवल, हरियाणा और राहुल कुमार निवासी मुडैना खुर्द कला, थाना बकेवर के सिर ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार से छू गए। करंट लगने से दोनों युवक गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद खेत में मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों युवकों को सीएचसी महेवा पहुंचाया।
यहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया गया कि खेत में कंबाइन मशीन बिना एसएमएस (सुपर स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम) के चलाई जा रही थी। हादसे के बाद खेतों में कटाई के दौरान सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। उपकृषि निदेशक सतीश कुमार ने बताया कि सभी कंबाइन संचालकों को एसएमएस लगाकर मशीन चलाने के निर्देश दिए हैं इसके बाद भी अगर ऐसा नहीं कर रहे हैं तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।