फोटो: 10 घायल महिला जशोदा
फोटो: 11 घायल आशादेवी
-टूंडला-कानपुर मेमू में भीड़ के चलते धक्कामुक्की से हुई घटना
-शोर सुनकर गार्ड ने रुकवाई ट्रेन, महिलाओं को मामूली चोटें आईं
संवाद न्यूज एजेंसी
भरथना। भरथना रेलवे स्टेशन पर रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब ट्रेन पर चढ़ते उतरते समय दो महिलाएं ट्रैक पर गिर गईं। जिस समय यह घटना हुई मेमू रेंगने लगी थी। प्लेटफार्म पर मौजूद यात्रियों को जब ट्रेन के गार्ड ने शोर मचाते देखा तो उसने तुरंत ट्रेन को रुकवा दिया। इसके बाद यात्रियों ने दोनों महिलाओं को जैसे-तैसे ट्रेन के नीचे से बाहर निकाला। घटना में दोनों महिलाओं को हल्की चोटें आईं। मौके पर पहुंची आरपीएफ ने महिलाओं को सीएचसी पहुंचाया।
रविवार को सुबह नौ बजकर 20 मिनट पर जैसे ही टूंडला-कानपुर मेमू पैसेंजर भरथना रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर आकर खड़ी हुई तभी यात्रियों की भीड़ ट्रेन में चढ़ने उतरने लगी। भीड़ अधिक होने से कई यात्री ट्रेन में चढ़-उतर नहीं पाए और ट्रेन चल दी। यह देखकर ट्रेन में चढ़ने और उतरने वाले यात्री धक्कामुक्की करने लगे। इस दौरान जशोदा पत्नी शिवभजन दुबे निवासी टिकरा थाना माखी, उन्नाव व आशा देवी पत्नी राजकुमार निवासी सिंधी मोहल्ला लेबर कॉलोनी, फिरोजाबाद ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच से ट्रैक पर जा गिरीं।
शोर गुल के साथ ही आरपीएफ और जीआरपी भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद दोनों ही महिलाओं को सीएचसी पर पहुंचाया गया। जशोदा के साथ मौजूद उनके भतीजे रामकुमार ने बताया कि वह बकेवर में भागवत कथा में शामिल होने के बाद अपने घर कन्नौज जा रहे थे। वहीं घायल आशादेवी भरथना स्टेशन पर ट्रेन से उतर रही थीं।