जसवंतनगर (इटावा)। लाकडाउन के कारण ट्रक की किस्तें नहीं चुका पाया तो ट्रक पर फर्जी तरीके से दूसरे ट्रक की नंबर प्लेट लगा ली। शुक्रवार को जसवंतनगर पुलिस ने जांच की तो पोल खुल गई। पुलिस ट्रक मालिक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
कोतवाली प्रभारी अमर पाल सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने वाहनों की जांच के दौरान जोनई चौकी के पास जसवंतनगर से आगरा जा रहे ट्रेलर ट्रक (27 जीबी 2554) को रोका। पुलिस ने ट्रक के कागजात की जांच की। ट्रक राजस्थान प्रदेश के चित्तौड़गढ़ के भदेेसर नाहरगढ़ निवासी जमुना लाल गुर्जर के नाम पर पंजीकृत मिला। कागज और ट्रक के इंजन व चेचिस पर दर्ज नंबर में अंतर होने पर पुलिस ने चालक से पूछताछ की। उसने अपना नाम सुनील निवासी भीलवाड़ा शास्त्री नगर हाल पता चित्तौडगढ़ सेती आजाद नगर बताया।
कोतवाली प्रभारी के अनुसार सुनील ही ट्रक का मालिक है। सुनील ने एक पुराना ट्रेलर ट्रक खरीदा था, वह जमुना लाल गुर्जर के नाम पंजीकृत है। उस ट्रक को अपने नाम ट्रांसफर नहीं कराया। इसके बाद एक नया ट्रेलर ट्रक खरीदा। कोराना में लाकडाउन के कारण नए ट्रक की किस्त नहीं चुका पाया। उसे डर था कि फाइनेंस कंपनी ट्रक खींच लेगी। इससे पुरानी ट्रक की नंबर प्लेट लगाकर नया ट्रक चला रहा था। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि सुनील को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। ट्रक भी जब्त कर लिया गया है।