बकेवर। थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर हुई दो सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। एक घटना में बेकाबू ऑटो पलट गया जिससे दो लोग घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने सभी घायलों को इलाज के लिए 50 शैया अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बकेवर से सवारी बैठाकर भरथना जा रहा एक ऑटो भरथना-बकेवर मार्ग पर ग्राम चटोरपुर के पास बेकाबू होकर पलट गया। अधिक सवारी होने के कारण चालक का संतुलन बिगड़ गया था। ऑटो पलटते ही सवारियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर पलटे हुए ऑटो को हटाया और उसके नीचे दबे अखिलेश कुमार निवासी ग्राम विरोंधी, थाना कोतवाली भरथना और शिव कुमार निवासी शुक्ला गंज, उन्नाव मुख्यालय को बाहर निकाला।
दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे जबकि अन्य सवारियां बाल-बाल बच गईं। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस और एंबुलेंस को दी। बकेवर के 50 शैया अस्पताल ले गई, जहां सीएमएस डॉ. संदीप गुलाटी और ईएमओ चिकित्सक ने उनका प्राथमिक उपचार किया। गंभीर हालत के चलते अखिलेश कुमार और शिव कुमार को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
दूसरी घटना थाना क्षेत्र के ग्राम मेघूपुर निवासी मनोज कुमार के साथ हुई। लखना से बाइक पर सवार होकर घर लौटते समय बकेवर कस्बा के पशु अस्पताल के समीप अचानक सड़क पर आवारा गोवंश आ गया। इससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह गोवंश से टकराकर अनियंत्रित हो गई।
इस दुर्घटना में बाइक चालक मनोज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों और दुकानदारों ने घटना की सूचना एम्बुलेंस को दी। मौके पर पहुंची एम्बुलेंस ने घायल मनोज कुमार को इलाज के लिए 50 शैय्या अस्पताल बकेवर पहुंचाया। चिकित्सकों ने उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें भी जिला अस्पताल रेफर कर दिया।