इटावा। जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में खून की कमी की खबर अमर उजाला में पढ़ने के बाद शहर की दो सामाजिक संस्थाएं रक्तदान के लिए आगे आई हैं। दोनों संस्थाओं ने लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने के साथ शिविर लगाकर रक्तदान करने का वादा किया है। दो संस्थाएं जल्द ही शिविर लगाएंगे और एक संस्था 8 अप्रैल को रक्तदान करेगी।
खबर पढ़ने के बाद शहर की राधा कुंज निवासी ललित प्रताप गुरुवार को ब्लड बैंक पहुंचे और एक यूनिट रक्त दान किया। अब ब्लड बैंक में 5 यूनिट खून है। लैब टेक्निशियन अर्जुन सिंह ने बताया कि रोजाना दस यूनिट खून की जरुरत पड़ती है लेकिन शिविर न लगने से ब्लड बैंक में खून की कमी हो गई है। खबर पढ़ने के बाद एक रक्तदाता ने खून दिया।
उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के अध्यक्ष शतमन्यु पुरवार ने कहा कि ब्लड बैंक में खून की कमी होना चिंताजनक है। अपने संगठन के व्यापारियों के साथ बातचीत कर जल्द ही शिविर लगाकर रक्तदान करेंगे। इसी तरह भारतीय किसान संघ की प्रदेश संयोजिका सुशीला राजावत ने कहा कि वह कार्यकारिणी के लोगों से बात कर किसानों को रक्तदान के लिए प्रेरित करेंगी। साथ ही शिविर लगाकर जल्द ही रक्तदान भी कराएंगी। भूिमजा फाउंडेशन के सचिव रवींद्र चौहान ने बताया कि जल्द ही कार्यकारिणी की ओर से रक्तदान शिविर का आयोजन करेंगे। संस्था के कम से कम 15 सदस्यों से बात हुई है। जिला अस्पताल के सीएमएस डा.एसएस भदौरिया का कहना है कि वह अपनी ओर से लगातार प्रयास कर रहे हैं जिससे यूनिट बढ़ सके। बताया सैफई मेडीकल कालेज से 50 यूनिट खून दिए जाने की बात हुई थी। फिरोजाबाद की घटना की वजह से खून नहीं मिल सका। हांलाकि कैंप लगवाने का लगातार प्रयास कर रहे हैं।