कोरोना से जिले में दो लोगों मौत हो गई है। सोमवार को रिकॉर्ड 45 संक्रमित मिले हैं। वहीं भरथना के बैंक मैनेजर दोबारा कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।
तीन दिन में यह चौथी मौत है, जबकि 96 मरीज मिल चुके हैं। अब कुल 798 लोग इसकी चपेट में आ चुके हैं और 27 लोग जान गवां चुके हैं।
सीडीओ राजा गणपति आर ने बताया कि दम तोड़ने वालों में 80 साल की वृद्धा फ्रेंड्स कालोनी की रहने वाली थीं, जबकि दूसरा जुलापुरी इकदिल का 40 वर्षीय युवक था।
सैफई कोविड अस्पताल में इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ा। तीन दिन के अंदर जिले में कोरोना से यह चौथी मौत है। सोमवार को पहली बार रिकार्ड तोड़ 45 संक्रमित मिले। इनमें शहर में सबसे ज्यादा 25 संक्रमित हैं।
बसरेहर में परिवार के सात सदस्यों समेत नौ लोग संक्रमित मिले। पांच उदी सीएचसी के तहत, तीन राजपुर सीएचसी के तहत, दो भरथना व एक अन्य शामिल हैं।
शहर में पक्का बाग स्थित एसबीआई के 38 वर्षीय शाखा प्रबंधक व 20 वर्षीय कर्मचारी संक्रमित मिले। कटरा बलसिंह में परिवार के तीन सदस्य संक्रमित मिले। अड्डा जालिम में रोडवेज कर्मी भी संक्रमित मिला है।
ऊसरा अड्डा में 40 साल के राजकीय ठेकेदार दार भी चपेट में आए हैं। इसके साथ पक्का तालाब सिविल लाइन में 73 वर्षीय व्यक्ति बिजली विभाग के सेवानिवृत्त लिपिक और पुलिस लाइन में 33 वर्षीय पुलिस कर्मी संक्रमित मिले हैं। फ्रेंड्स कालोनी की 44 वर्षीय संक्रमित महिला दिल्ली में रहती है।
फ्रेंड्स कालोनी में थाने के पीछे घर है। करनपुरा में 65 वर्षीय व्यक्ति पॉजिटिव मिला है। मड़ैया शिव नारायण में 30 व 32 वर्ष के दी युवक कोरोना संक्रमित मिले हैं।
शहर के सरस्वती विहार में जल निगम कर्मी समेत परिवार के छह लोग संक्रमित मिले हैं। शिवपुरी शाला में 12 साल का किशोर, रामनगर में 18 वर्षीय युवती, चकरनगर क्षेत्र में तीन युवक संक्रमित मिले हैं।
बसरेहर सीएससी अधीक्षक डॉ.विकास सचान ने बताया संक्रमित परिवार की महिला पॉजिटिव मिली है। परिवार में अब आठ लोग संक्रमित हो चुके हैं। सभी को घर में क्वारंटीन कर दिया गया है।
इनके संपर्क में आने वाले लोगों की सूची तैयार की जा रही है। बताया संतोषपुर घाट में 35 और 25 साल के दो और लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। ये दोनों रविवार को दिल्ली से आए थे।
जांच कराने पर इनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उदी सीएचसी प्रभारी डॉ. सुनील यादव ने बताया कि ग्राम कामेत में 52 वर्षीय व्यक्ति के अलावा इकदिल के खेड़ापति मोहल्ले में दो महिलाओं समेत चार लोग संक्रमित मिले हैं। भरथना में बैंक शाखा प्रबंधक में दोबारा कोरोना की पुष्टि हुई है।
इसके अलावा नगर के मोहल्ला बृजराज नगर निवासी 70 वर्षीय सेवानिवृत्त लेखपाल भी चपेट में आए हैं। सीएचसी अधीक्षक डॉ.अमित दीक्षित के अनुसार सेवानिवृत्त लेखपाल को सैफई कोविड अस्पताल भेजा गया है।
मोहल्ले में नगर पालिका ने सैनिटाइज कराकर बैरिकेडिंग करवा दी है। इस दौरान पालिका के कोविड प्रभारी आदित्य प्रताप, सभासद शिवराम सिंह आदि उपस्थित रहे।
भरथना संवाद न्यूज एजेंसी के अनुसार भरथना में बैंक के शाखा प्रबंधक ठीक होने के बाद दोबारा कोरोना की चपेट में आ गए हैं। उन्हें इटावा में फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित घर पर आइसोलेट किया गया है।
36 वर्षीय शाखा प्रबंधक 13 जुलाई को कोरोना संक्रमित मिले थे। इनका नारायण कॉलेज में इलाज चला। कोविड अस्पताल से घर लौटने के बाद फिर से खांसी होने पर 31 जुलाई को दोबारा जांच कराई रिपोर्ट पॉजिटिव आई। यह पहला मामला है जब किसी संक्रमित के ठीक होने के बाद दोबारा दिक्कत होने और जांच कराने पर रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।