फोटो 39: बढ़पुरा पुलिस की गिरफ्त में बाइक चोरी के आरोपी। स्रोत परिजन
-बढ़पुरा पुलिस ने मध्य प्रदेश के भिंड से चोरी की गई एक बाइक को बरामद किया
-गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद,कानपुर नगर आदि जिलों में कर चुके बाइक चोरी की घटनाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। जिले की डिजिटल पुलिस ने हाल में विकसित किए यक्ष ऐप के माध्यम से दो अंतरराज्यीय चोरों को पकड़कर मध्य प्रदेश के भिंड से चोरी की गई एक चोरी की बाइक को बरामद किया। चोरों के खिलाफ गौतमबुद्ध नगर, कानपुर नगर, गाजियाबाद, फिरोजाबाद आदि जिलों में बाइक चोरी के कई मामलों में प्राथमिकी दर्ज की है।
एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देश पर थाना बढ़पुरा के थाना प्रभारी नरेंद्र मिश्रा की अगुवाई में पुलिस टीम नएपुरा मोड़ पर संदिग्ध व्यक्ति/वाहनों जांच कर रही थी। इस दौरान पुलिस टीम ने दो युवकों को पछायगांव की तरफ से आते हुए देखा। पुलिस टीम बाइक सवार को रोककर गाड़ी के कागज मांगे लेकिन वह दिखा नहीं सके। संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस टीम ने पारंपरिक तरीकों के साथ-साथ डिजिटल पुलिसिंग को प्राथमिकता देते हुए यक्ष ऐप के फेशियल रिकॉग्निशन और क्रिमिनल रिकॉर्ड सर्च किया तो दोनों बाइक सवार युवक आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए गए। पूछने पर उन्होंने अपने नाम केशव निवासी ग्राम नगला गौर, थाना बढ़पुरा, आशीष जाटव निवासी ग्राम कामेत, थाना बढ़पुरा बताए। साथ ही पुलिस ने मध्य प्रदेश के भिंड जिले से चोरी की गई बाइक बरामद की। पुलिस की पूछताछ में शातिर चोरों ने बताया वह लोग बाइक से घूम-फिर कर रेकी करते हैं और मौका मिलते ही बाइक व गाड़ी चोरी कर लेते हैं। बाद में सुरक्षित स्थान पर छिपा देते हैं। मौका देखकर चोरी की गई बाइक को राह चलते लोगों को सस्ते दामों में बेचकर रुपये आपस में बाँट लेते थे। पुलिस ने दोनों शातिर चोरों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।