जसवंतनगर (इटावा)। कस्बे में रविवार रात कच्छाधारी गिरोह ने जमकर लूटपाट की। करीब दर्जन भर बदमाश दो घरों से जेवर, नकदी और गृहस्थी का सामान समेत चार लाख का माल लूट ले गए। बदमाशों ने एक घर में दंपति का डंडे से सिर फोड़ दिया, जबकि दूसरे घर में परिजनों को पीट कर बांध दिया। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वारदात में बावरिया गिरोह का हाथ होने की आशंका है।
कस्बे के रेलमंडी कचौरा रोड मोहल्ला में अखिलेश यादव पत्नी अनीता देवी के साथ रहते हैं। रात करीब दो बजे सीढ़ियों से घर में घुसे बदमाशों ने अंदर से कुंडी तोड़ दी। बदमाशों ने गृहस्वामी अखिलेश यादव और उसकी पत्नी अनीता देवी का डंडा मार कर सिर फोड़ दिया। अलमारी और बक्सों के ताले तोड़कर बदमाश करीब 60 हजार नकद, दो मंगलसूत्र, दो अंगूठी, जंजीर, एक जोड़ा कुंडल, टॉप्स, चांदी की पायल समेत दो लाख के जेवर और नकदी लूट ले गए। घायल दंपति के अनुसार कच्छा पहने 10-12 बदमाश हाथ में
डंडे और गुलेल लिए थे। इससे पूर्व रात करीब 12 बजे लुधपुरा गांव में बदमाश दीनदयाल राठौर के घर
में घुस गए। दीनदयाल, पत्नी विमला देवी और मां राममूर्ति को पीटने के बाद बदमाशों ने उनके हाथ-पैर बाध दिए। दीनदयाल के पुत्र शिवम के चिल्लाने पर उसे गोली मारने की धमकी दी गई।
मारपीट से विमला देवी बेहोश हो गई। बदमाशों ने बक्सा तोड़कर गहने व 50 हजार रुपये निकाल लिए। यहीं नहीं उन्होनेे विमला देवी का कुंडल, मंगलसूत्र, झुमकी और पायलें भी उतरवा ली। मां राममूर्ति के कुंडल उतरवा लिए गए। बदमाश नई पैंट, चप्पल और स्कूल का बस्ता तक ले गए। थाना पुलिस के बाद सीओ विनय चौहान ने मौका मुआयना किया। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट ने निशान लिए। कोतवाली इंस्पेक्टर दीपक दुबे ने बताया बदमाशों की धरपकड़ के प्रयास किए जा रहे हैं।