फोटो: 42 बिजौली गांव में बारिश के बाद गिरा मकान। स्रोत ग्रामीण
बकेवर। बिजौली गांव में पिछले दो दिन पहले हुई बारिश से दो मकान धराशायी हो गए। धर्मवीर पुत्र मेवालाल का कच्चा कमरा और एक मकान की कच्ची दीवार भरभराकर ढह गई। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन गृहस्थी का सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गया।
मकान गिरने से धर्मवीर के कमरे में रखा भूसा, गेहूं, गैस चूल्हा, चारपाई, बिस्तर समेत अन्य गृहस्थी का सामान खराब हो गया। परिवार के लोगों ने बताया कि बारिश के दौरान मकान की दीवार गिरने से अफरा-तफरी मच गई। इसी तरह गांव निवासी संदीप मिश्रा पुत्र सुरेश चंद्र के घर में भी कच्ची दीवार गिरने से नुकसान हुआ। उनकी पत्नी रोशनी चाय बनाने के लिए कमरे में गई थीं, तभी कच्ची दीवार गिर गई। उस समय संदीप और उनके तीन बच्चे वैष्णवी, आरती व कृष्णा तख्त पर बैठे थे।
दीवार गिरने से परिवार बाल-बाल बच गया। परिजनों के अनुसार संदीप का गैस चूल्हा, सिलिंडर, आटा, गृहस्थी का सामान और जानवरों का दाना समेत अन्य सामान भी मलबे में दब कर नष्ट हो गया। पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है।