फोटो संख्या 13 घर में आग के बाद का दृश्य
- फोटो : ETAWHA
ऊसराहार(इटावा)। चूल्हे से निकली चिंगारी से थाना क्षेत्र के मुर्चा गांव के दो घरों में आग लग गई। आग लगने से गृहस्थी का सभी सामान राख हो गया। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से पीड़ितों को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।
थाना ऊसराहार क्षेत्र के गांव मुर्चा में साहिब सिंह यादव पुत्र सूबेदार और वीरेंद्र यादव पुत्र सूबेदार के मकान आसपास में हैं। शनिवार की सुबह उनके मकान के सामने रखे हुए छप्पर में अचानक आग लग गयी। धीरे-धीरे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया जिससे उसकी चपेट में दोनों मकान आ गये। इस घटना में उनके घरों में रखा हुआ गृहस्थी का सभी सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने मिलकर किसी तरह आग पर काबू पाया।
इस संबंध में गांव के हरिनाम सिंह यादव ने बताया कि आग संभवत: किसी मकान से चूल्हे की चिंगारी से लगी थी जिसका पता नहीं चल पाया। वहीं, सूचना पाकर मौके पर पहुंचे लेखपाल रोहित सविता ने पीड़ितों को आगजनी से हुए नुकसान का जायजा लिखा। लेखपाल ने बताया कि आग के कारण का पता लगाया जा रहा है। ग्रामीणों ने परिवारों की आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए जिलाधिकारी से सहायता दिलाने की मांग की है।