भरथना और शहर में हुई मार्ग दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई जबकि तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गुलाबपुरा निवासी ओमप्रकाश उर्फ सतीशचंद्र का पुत्र सुधीर कुमार (20) कन्नौज जिले के ठठिया में अपनी ननिहाल में रहता है और यहीं के विवेकानंद विद्यालय में अध्यापन कार्य करता था। रविवार की दोपहर बाद वह अपनी बाइक से गुलाबपुरा स्थित अपने घर के लिए निकला।
जैसे ही वह इटावा-कन्नौज हाइवे पर सेंगर नदी पुल के पास पहुंचे तभी सामने से आ रही बस ने बाइक में टक्कर मारते हुए कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक भरथना थाने से दो किलोमीटर दूर बस को छोड़कर भाग खड़ा हुआ।
हादसे की खबर मिलते ही मौके पर भारी संख्या में क्षेत्रीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। इलाकाई लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक की शिनाख्त करते हुए सूचना परिवारीजनों को दी। भीड़ को देखते हुए पुलिस ने आनन फानन में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर, सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत हाइवे पर आईटीआई चौराहे के पास पैदल आ रहे एक अधेड़ को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। गांव राहतपुरा निवासी रामबाबू (55) साल पुत्र रामचरन रविवार कहीं पैदल गए थे। शाम करीब चार बजे जब वह हाईवे के किनारे अपने गांव के लिए लौट रहे थे कि आईटीआई चौराहे के पास अज्ञात वाहन ने रौंद दिया।
हादसे में रामबाबू की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थानाध्यक्ष सिविल लाइन विनोद कुमार यादव ने बताया कि अधेड़ की मौत अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई है।
वहीं एक अन्य दुर्घटना बकेवर थाना क्षेत्र में हाइवे पर राजा ढाबा के पास हुुई है। जहां पर बाइक से जा रहे सोनू पुत्र नाथराम निवासी कुटपुरा थाना बिधूना औरैया तथा अंजलि पुत्री अशोक कुमार निवासी कलाल खेरिया फतेहाबाद रोड आगरा को ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से दोनों सड़क पर गिर कर घायल हो गए। घायलों में सोनू की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फर्रुखाबाद रोड पर सड़क किनारे पैदल जा रही सुचिता पत्नी ग्रीशचंद्र निवासी वीरपुर कला थाना ऐलाऊ मैनपुरी को लोडर ने टक्क र मार दी। घायलों को जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है।