कानपुर व नोएडा के ध्यानार्थ
फोटो :08 सोहनलाल गौतम की फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
फोटो : 09 विवेक मिश्रा की फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
फोटो : 10 नेशनल हाईवे पर खड़ी पहली क्षतिग्रस्त स्लीपर बस। स्रोत: विभाग
फोटो : 11 नेशनल हाईवे पर खड़ी दूसरी क्षतिग्रस्त स्लीपर बस। स्रोत: विभाग
फोटो : 12 जिला अस्पताल में भर्ती शमशाद। संवाद
- शहर के पक्का बाग रेलवे ओवरब्रिज पर शुक्रवार तड़के हादसा
- हाईवे पर खड़े डंपर में पीछे से बस घुसी, तभी दूसरी स्लीपर बस ने पीछे से मारी टक्कर
- दिल्ली से सवारियां लेकर कानपुर जा रही थी बस, एक घायल सैफई किया गया रेफर
संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। आगरा-कानपुर हाईवे स्थित शहर के पक्का बाग रेलवे ओवरब्रिज पर शुक्रवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। दिल्ली से कानपुर जा रही गंगवानी ट्रैवल्स की स्लीपर बस खड़े डंपर में पीछे से घुस गई। बस से धुआं उठता देखकर सवारियां नीचे उतर आईं। इसी दौरान पीछे से आ रही शताब्दी ट्रैवल्स की स्लीपर बस ने क्षतिग्रस्त बस में पीछे से टक्कर मार दी। हाईवे पर खड़े चार यात्री बस की चपेट में आकर घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में ले जाया गया। यहां दो यात्रियों की मौत हो गई जबकि एक गंभीर घायल को परिजन कानपुर ले गए। मृतकों में एक कानपुर व दूसरा नोएडा का रहने वाला था।
फिलहाल हादसे की तीन मुख्य वजहें हाईवे पर सड़क किनारे खड़ा डंपर, गंगवानी ट्रैवल्स के बस चालक को झपकी आने व शताब्दी बस चालक के शराब के नशे में होना बताई गई हैं। हालांकि पुलिस ने चालक के नशे में होने के आरोप को गलत बताया है। दोनों बसों को पुलिस ने कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक नेशनल हाईवे पर हादसा शुक्रवार तड़के 04:10 बजे हुआ। दिल्ली से कानपुर सवारियां लेकर जा रही स्लीपर बस शहर के पक्का बाग रेलवे क्रॉसिंग के पास हाईवे पर खड़े डंपर से टकरा गई। बस से तेज धुआं उठते देखकर आग लगने की आशंका में बस में चीख-पुकार मच गई और सवारियां जान बचाने के लिए नीचे उतर आईं। यात्री अभी संभल भी नहीं पाए थे कि पीछे से आ रही शताब्दी बस ने पहले से क्षतिग्रस्त खड़ी स्लीपर बस में टक्कर मार दी।
शताब्दी बस की टक्कर इतनी जोरदार थी कि पांच यात्री बस के नीचे दब गए। सूचना मिलते ही फ्रेंड्स कॉलोनी थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर बस के नीचे दबे लोगों को निकाल कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां डॉक्टर श्याम मोहन ने सोहनलाल गौतम (40) निवासी गणेश नगर, रावतपुर, कल्याणपुर, कानपुर नगर व विवेक मिश्रा (45) निवासी 21डी, एक्सप्रेस व्यू अपार्टमेंट, सेक्टर 93, नोएडा को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, शुभम निवासी बर्रा बाईपास, कानपुर नगर को परिजन प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर ले गए। इसके अलावा हादसे में शमशाद (40) निवासी शुक्लागंज, उन्नाव घायल हो गए। शमशाद का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने स्लीपर बसों को हाईवे से हटवाकर यातायात बहाल कराया। दोनों शवों को मोर्चरी में रखवा दिया गया। एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि हादसे के बाद तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू कराया गया। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू कर दिया गया है। हाईवे व घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से मामले की जांच कर डंपर चालक समेत अन्य पर कार्रवाई की जाएगी।
बस चालक पर शराब पीने का आरोप
यात्रियों ने आरोप लगाया कि पीछे से टक्कर मारने वाली शताब्दी की स्लीपर बस का चालक शराब के नशे में लग रहा था। पुलिस ने इस आरोप की जांच की बात कही है। दोनों बसों को पुलिस ने कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
तेज धमाके से खुली आंख, बस से निकल रहा था धुआं
घायल शमशाद ने बताया कि स्लीपर बस दिल्ली से 12 बजे कानपुर के लिए चली थी। इस दौरान बस में करीब 50 सवारियां थीं। बताया भोर करीब चार बजे तेज धमाके से उनकी आंख खुल गई। बस से धुआं निकल रहा था। इससे बस में सवार कुछ सवारियां नीचे उतर आईं। वह चालक को सही से गाड़ी न चलाने के लिए डांट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई अनियंत्रित शताब्दी स्लीपर बस ने उनकी बस में पीछे से टक्कर मार दी। इससे सड़क पर खड़ी चार सवारियां बस के नीचे दब गईं। उन्होंने सही सलामत बचने पर अल्लाह का शुक्रिया अदा किया।