इटावा। बसरेहर क्षेत्र के सेंगर नदी पुल पर सोमवार देर रात चेकिंग के दौरान वाहन रोकने पर पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। गोली लगने से बाइक सवार दो बदमाश घायल हो गए, जबकि तीसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। दोनों घायल बदमाशों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पकड़े गए बदमाशों के पास से लूटी गई चेन, चोरी की बाइक व दो तमंचे बरामद हुए हैं। दोनों बदमाश सोमवार को शहर में चेन लूटने के आरोपी हैं।
शिवा कॉलोनी की सेवानिवृत शिक्षिका आशा सिंह गौर सावन के सोमवार पर सुबह घर के पास स्थित मंदिर से पूजा अर्चना करके लौट रहीं थीं। तभी उनके घर के बाहर से आए दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनकी चेन लूट ली थी।
सूचना पर एसपी सिटी कपिलदेव सिंह, थाना प्रभारी विजय बहादुर वर्मा व एसओजी की टीम ने पहुंचकर पीड़ित महिला से जानकारी जुटाई थी। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि बसरहेर थाना क्षेत्र के कल्ला बाग तिराहे पर पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
इस दौरान शहर की तरफ से बाइक पर सवार तीन लोग आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। बचाव में पुलिस ने पीछा करके फायरिंग की।
सेंगर नदी के पुल के पास दो बदमाशों के पैर में गोली लगने से वह गिर पड़े। तीसरा बदमाश सौरभ शाक्य अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। घायल बदमाशों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मुठभेड़ में गिरफ्तार हुए बदमाशों ने अपना नाम संजय कठेरिया, विकास राजपूत निवासी कैलामऊ थाना बसरेहर बताया।
संजय और सौरभ शाक्य ने शिवा कॉलोनी में आशा सिंह गौर की चेन लूटी थी। पुलिस ने इनके पास से लूटी हुई चेन, दिल्ली से चुराई गई बाइक व दो तमंचे भी बरामद किए हैं।