फोटो 30:: हादसे के बाद खड़ी क्षतिग्रस्त कार। स्रोत पुलिस
जसवंतनगर। कस्बे के बड़े चौराहे के पास फक्कड़पुरा मार्ग पर रविवार देर रात करीब दो बजे दो अनियंत्रित कारें सड़क किनारे स्थित दुकानों में जा घुसीं। हादसे में सर्राफा दुकान समेत तीन दुकानों के शटर, तख्त और फर्नीचर क्षतिग्रस्त हो गए। व्यापारियों ने लाखों रुपये के नुकसान की बात कही है। गनीमत रही कि देर रात होने के कारण बाजार में कोई राहगीर या दुकानदार मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस के अनुसार, रामलीला मार्ग और छोटे चौराहे की ओर से आ रही दोनों कारें आमने-सामने आ गईं। इसी दौरान चालक वाहनों पर नियंत्रण खो बैठे और दोनों कारें दुकानों में जा घुसीं। टक्कर इतनी तेज थी कि दुकानों के शटर और अंदर रखा सामान क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में अर्जुन सिंह की सर्राफा दुकान, जगदीश ड्राई क्लीनर्स और इशू लेडीज कलेक्शन की दुकानों को नुकसान पहुंचा।
दुकानदार अर्जुन सिंह, जगदीश और इशू ने बताया कि हादसे में उनका लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त कारों को दुकानों से बाहर निकलवाया। थाना प्रभारी कमल भाटी ने बताया कि कार सवारों को ज्यादा चोट नहीं आई है। दोनों कारों में सवार लोग कस्बे के ही रहने वाले हैं। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। दुकानदारों की ओर से तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।