मायके में रह रही पत्नी पर पति ने बुधवार को तेजाब डालकर जान से मारने का प्रयास किया। महिला के चीखने पर मोहल्ले के लोगों ने पति को पकड़ लिया और जमकर धुनाई करने के बाद हाथ पैर बांध दिए। सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपी को अपने साथ ले गई।
कस्बा निवासी सुबीना पुत्री बच्ची खान की ससुराल शाहूपुर बिधूना में है। परिजनों के मुुताबिक सुबीना को उसका पति मुल्ली खान परेशान करता था, इसलिए वह अपने मायके बसरेहर में रह रही थी। बुधवार को मुल्ली खान अपनी ससुराल आया और अपनी पत्नी सुबीना को ससुराल ले जाने की जिद करने लगा।
जब उसने मना किया तो मुल्ली ने उसके ऊपर तेजाब फेंक दिया, लेकिन वह किसी तरह बच गई। इसके बाद वह चीखने चिल्लाने लगी तो मोहल्ले के लोगों ने मुल्ली खान को पकड़ लिया। उसकी जमकर धुनाई करने के बाद बंधक बना लिया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
बसरेहर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पति को हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।