लोहिया पथ पर दुर्घटनाग्रस्त बाइक
- फोटो : अमर उजाला
कस्बे में निर्माणाधीन लोहिया पथ पर बिखरी गिट्टियाें में फंसकर बाइक सवार तीन युवक गिर पड़े। इस दौरान पीछे से आ रहे ट्रक की चपेट में आकर एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रेम प्रकाश पुत्र श्री कृष्ण निवासी नवा टेढ़ा मैनपुरी, राजकुमार पुत्र गंगा दयाल बरीहार थाना किशनी मैनपुरी, गंभीर सिंह यादव (38) पुत्र श्रीराम निवासी नवा टेढ़ा बाइक से बिधूना की ओर जा रहे थे। इस मार्ग पर मुख्य तिराहे से कुछ कदम दूर लोहिया पथ पर निर्माण कार्य चल रहा है। चारों तरफ गिट्टी बिखरी होने से उनकी बाइक फिसल गई। इस दौरान पीछे से आ रहा ट्रक गंभीर सिंह यादव पर चढ़ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि प्रेम प्रकाश और राजकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें थाना ऊसराहार पुलिस ने जिला अस्पताल भेजा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष आलोक राय ने बताया कि परिजनों को सूचना भेजी गई है। ट्रक को पकड़ लिया गया है। बाइक चालक राजकुमार हेलमेट लगाए था। जबकि हेलमेट न लगाने के कारण गंभीर के सिर में चोट आई थी।
शिकायत के बाद भी नहीं चेता ठेकेदार
ऊसराहार। लोहिया पथ पर हो रहे चौड़ीकरण में ठेकेदार की लापरवाही युवक की मौत का कारण बन गई। रविवार को जेसीबी से खुदाई के दौरान लोगों ने पीछे खोदे गए गड्ढे भरने की मांग कर विरोध जताया था। लेकिन दबंग ठेकेदार ने किसी की नहीं सुनी। कार्यदायी संस्था ने कोई संकेतक भी मार्ग पर नहीं लगवाए हैं। कस्बा ऊसराहार में सड़क के दोनों ओर नाली और सड़क बनाई जा रही है। सड़क खुदी होने के कारण आए दिन लोग घायल होते रहते हैं। रविवार को जब ठेकेदार ने सड़क खोद दी तो व्यापारी राकेश दुबे, अनिल गुप्ता, भगवान दास आदि ने विरोध किया था। लेकिन ठेकेदार ने नहीं सुनी। लोगाें ने मुख्यमंत्री से ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग की है।