फ्रेंड्स कालोनी के भरथना चौराहा ओवरब्रिज के पास साइकिल से जा रहे एक व्यक्ति को ट्रक ने रौंद दिया। हादसे में साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद चालक ट्रक को भगा ले गया। गुस्साएं लोगों ने जाम लगाकर मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग उठाई।
सीओ सिटी शिवराज सिंह मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। इकदिल थाना क्षेत्र के गांव अड्डा पाय निवासी नंद किशोर कठेरिया (55) गुरुवार की देर शाम करीब आठ बजे अपनी साइकिल से इटावा से वापस घर लौट रहा था। भरथना चौराहे पर ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
इस हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद चालक ट्रक को लेकर फरार हो गया। दुर्घटना होते ही आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और जाम लगा दिया। लोगों की मांग थी कि मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता दी जाए। बाद में मृतक के परिवारीजन भी आ गए।
सूचना मिलने पर एसओ फ्रेंड्स कालोनी दीपक दुबे मय फोर्स के मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा बुझाकर जाम खुलाने का प्रयास किया। लोग जाम खोलने को तैयार नहीं हुए। जानकारी मिलने पर सीओ सिटी शिवराज सिंह मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा बुझाकर शांत किया।