दुर्घटनाग्रस्त बस एवं मौके पर मौजूद पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
बसरेहर थाना क्षेत्र के अंतर्गत फर्रुखाबाद रोड पर गांव लुहिया के पास तेजी से आ रहे ट्रक ने बस में कट मार दिया। जिससे बस की खिड़की के पास बैठी एक बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई। अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया। इसके अलावा अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
कस्बा बेबर जिला मैनपुरी निवासी अनूप कुमार परिवार के साथ रिश्तेदारी में गए थे। रविवार को वह रोडवेज बस से वापस घर जा रहे थे। जैसे ही बस बसरेहर थाना क्षेत्र के लुहिया के पास पहुंची तभी सामने से आ रहा ट्रक बस में कट मारता हुआ निकल गया। जिससे खिड़की के पास बैठी कृष्णा (6) पुत्री अनूप कुमार घायल हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे मिनी पीजीआई भिजवाया। जहां कृष्णा की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
दूसरी घटना चौबिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत नगला हरजू के पास हुई जहां बाइक से जा रहे पिंटू पुत्र गोविंद सिंह व उसके पिता गोविंद पुत्र सोमपाल निवासी सिरनी थाना किशनी जिला मैनपुरी को कार ने टक्कर मार दी। जिससे वह घायल हो गए। दूसरी घटना बसरेहर थाना क्षेत्र के अंतर्गत शंकर पुर के पास हुई जहां बाइक से जा रहे अवधेश कुमार पुत्र अमर सिंह निवासी नगला कछियान और उनकी मां को दूसरे बाइक सवार ने टक्कर मार दी। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।